Uttarakhand Weather Today: पहाड़ों में बारिश व आकाशीय बिजली का अलर्ट, मैदानों में 40°C के पार जाएगा पारा
Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में धूप और बादलों के बीच गर्मी बढ़ गई है, मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ...और पढ़ें

Uttarakhand Weather Forecast सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप के चलते तापमान में भारी उछाल दर्ज किया जा रहा है।
वहीं, पहाड़ों में आंशिक बादलों के बावजूद पारा तेजी से चढ़ रहा है। पहाड़ से मैदान तक उमसभरी गर्मी बेहाल करने लगी है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं।
कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है और तापमान में और इजाफा संभव है।
देहरादून में शनिवार को सुबह से ही चटख धूप खिली रही। जिससे दोपहर में पारे में उछ़ाल के साथ ही भीषण गर्मी सताने लगी।
दून में यह शनिवार इस वर्ष का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।
इसके अलावा ऊधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। पहाड़ से मैदान तक दिन के तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक पहुंच गया है।
मसूरी में भी अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य या उससे अधिक दर्ज किया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने के साथ ही कहीं-कहीं वर्षा के आसार बने हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
इसके साथ ही उक्त जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। दून में आमतौर पर मौसम शुष्क रहने से लेकर आंशिक बादल छाने की संभावना है।
विभिन्न शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापामन |
| देहरादून | 37.5 | 19.0 |
| ऊधमसिंह नगर | 39.2 | 18.4 |
| मुक्तेश्वर | 27.6 | 12.0 |
| नई टिहरी | 27.5 | 12.6 |
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अप्रैल में ही तपने लगे पहाड़, श्रीनगर गढ़वाल में 35 पार हुआ पारा
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बदला मौसम, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और आंधी का अलर्ट