उत्तराखंड SIR फॉर्म की सूचना इंग्लिश में भेजने से उलझन में वोटर, हिंदी में जानकारी देने की लगाई गुहार
उत्तराखंड पहाड़ी महासभा की महासचिव गीता बिष्ट ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से एसआईआर प्रपत्र प्राप्त होने की सूचना हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपल ...और पढ़ें

एसआईआर प्रपत्र की सूचना अंग्रेजी में भेजने से मतदाताओं में उलझन।
HighLights
एसआईआर प्रपत्र सूचना केवल अंग्रेजी में मिल रही है।
ग्रामीण मतदाताओं को अंग्रेजी समझने में परेशानी हो रही है।
गीता बिष्ट ने हिंदी-अंग्रेजी दोनों में सूचना मांगी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। एसआईआर प्रपत्र प्राप्त होने की सूचना मतदाताओं को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराने की मांग उठी है। उत्तराखंड पहाड़ी महासभा की महासचिव गीता बिष्ट ने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड को पत्र भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। उन्होंने अंग्रेजी में आ रहे एसएमएस से मतदाताओं में उलझन पैदा होने की बात कही है।
गीता बिष्ट ने कहा कि वर्तमान में मतदाताओं के एसआईआर प्रपत्रों पर प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है। नियमानुसार निस्तारित किए जा रहे प्रपत्र संबंधित बीएलओ की ओर से ऑनलाइन अपलोड किए जा रहे हैं।
प्रपत्र में किसी प्रकार की कमी नहीं पाए जाने पर निर्वाचन आयोग की ओर से पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से प्रपत्र प्राप्त होने की सूचना भेजी जा रही है। हालांकि, यह सूचना केवल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता हैं, जो अंग्रेजी भाषा को सहज रूप से पढ़ और समझ नहीं पाते।
ऐसे में केवल अंग्रेजी में एसएमएस भेजे जाने से मतदाताओं को यह समझने में परेशानी हो रही है कि उन्हें किस संबंध में सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक मतदाता तक स्पष्ट और सरल भाषा में सूचना पहुंचना आवश्यक है।