उत्तराखंड खेल पुरस्कार 2025: अभिनव देशवाल को खेल रत्न, मुकेश शर्मा द्रोणाचार्य पुरस्कार से होंगे सम्मानित
उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2025 के खेल पुरस्कारों की घोषणा की है, जिसमें अभिनव देशवाल को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न और मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलेगा।

रुड़की के अभिनव देशवाल को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने खेल के क्षेत्र में वर्ष 2025 के उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान के लिए सात खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों के नामों पर मुहर लगा दी है। शूटिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियों के लिए रुड़की के अभिनव देशवाल को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा।
वहीं रोइंग में उल्लेखनीय योगदान के लिए विकासनगर के प्रशिक्षक मुकेश शर्मा को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है। चार खिलाड़ियों को हिमालय रत्न खेल पुरस्कार और बाक्सिंग में लंबे योगदान के लिए हल्द्वानी, नैनीताल के मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिलेगा।
हर साल खिलाड़ियों को करते हैं पुरस्कृत
खेल विभाग हर वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत करता है। शासन ने वर्ष 2025 के लिए खेल निदेशालय और चयन समिति की संस्तुति के आधार पर पुरस्कारों के लिए नामों को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इसके तहत बागेश्वर की ममता खाती और ऊधमसिंह नगर के काशीपुर निवासी सक्षम प्रताप सिंह को माडर्न पेंटाथलान की टीम स्पर्धा, रुड़की के शौर्य सैनी को दिव्यांग शूटिंग और पिथौरागढ़ की खुशी चंद को बाक्सिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हिमालय रत्न प्रदान किया जाएगा। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने इसकी सूची जारी कर दी है।
