उत्तराखंड में भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद, आज से बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तराखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, देहरादून में अप्रैल का चार साल का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। आज से मौसम में बदलाव की संभावना है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच पहाड़ से मैदान तक भीषण गर्मी का प्रकोप है। चटख धूप के चलते पारे में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
दून में शुक्रवार को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया, जो कि पिछले चार साल में अप्रैल में सर्वाधिक है।
अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड किया जा रहा है। हालांकि, प्रदेश में आज से मौसम करवट बदल सकता है और ज्यादातर क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
शुक्रवार को सुबह से ही देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में चटख धूप खिली रही। जिससे दोपहर तक भीषण गर्मी पसीने छुड़ाने लगी। रुड़की, हरिद्वार, काशीपुर, रुद्रपुर, कोटद्वार, श्रीनगर आदि क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप चरम पर रहा।
कई मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दून में अधिकतम पारा 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि पिछले चार साल में अप्रैल में सर्वाधिक तापमान है।
इससे पहले 19 अप्रैल 2022 को दून का दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इसके अलावा पिछले 10 वर्ष में यह तीसरा सर्वाधिक तापमान है। यह तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।
वहीं, पहाड़ों में पारा सामान्य से अधिक बना हुआ है। आज से प्रदेश में भीषण गर्मी से फौरी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, ताजा पश्चिमी विक्षोभ के शुक्रवार शाम से ही उत्तराखंड में सक्रिय होने का अनुमान है।
जिससे शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले को छोड़कर अन्य सभी में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, नैनीताल में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 38.8, 22.0
- ऊधमसिंह नगर, 39.9, 18.8
- मुक्तेश्वर, 27.1, 14.3
- नई टिहरी, 28.8, 15.1
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना, मैदानी इलाकों में गर्मी का असर जारी
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: लगातार बढ़ रहा तापमान, शुक्रवार से मौसम ले सकता है करवट