Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून: मूसलधार बारिश से शहर की सड़कें बनीं तालाब, जलभराव और भू-कटाव से बढ़ी मुश्किलें

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 10:46 PM (IST)

    देहरादून में रेड अलर्ट के बीच मूसलधार बारिश ने शहर की व्यवस्थाएं बिगाड़ दीं, सड़कें जलमग्न हो गईं और कई जगह भू-कटाव व सड़कें धंसने की घटनाएं हुईं। ...और पढ़ें

    बारिश के कारण बुद्ध चौक से पंचायती मंदिर जाने वाले मार्ग पर हुआ जलभराव। जागरण

    बारिश के कारण बुद्ध चौक से पंचायती मंदिर जाने वाले मार्ग पर हुआ जलभराव। जागरण

    HighLights

    1. मूसलाधार बारिश से देहरादून की सड़कें जलमग्न, यातायात बाधित

    2. एमडीडीए कॉलोनी में सड़क धंसी, वसंत विहार में जलभराव

    3. घरों में पानी घुसा, मलबा आने से लोगों को परेशानी

    जागरण संवाददाता, देहरादून। रेड अलर्ट के बीच सोमवार दोपहर शुरू हुई मूसलधार बारिश ने राजधानी देहरादून की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी।

    कुछ ही घंटों की बारिश में शहर की प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं, नालियां उफान पर आ गईं और कई स्थानों पर सड़कें धंसने तथा भू-कटाव की घटनाएं सामने आईं। जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा और लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।

    नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को शहर के विभिन्न हिस्सों से जलभराव की कई शिकायतें मिलीं।

    Doon Rain Today

    टीम ने तत्काल बलबीर रोड, यमुना कालोनी और जीएमएस रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों पर भरे पानी की निकासी कराई और अवरुद्ध नालियों को खुलवाया। लगातार बारिश को देखते हुए क्यूआरटी को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

    भारी बारिश के बीच वार्ड-47 स्थित एमडीडीए कालोनी में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सूचना मिलते ही महापौर सौरभ थपलियाल, पार्षद राबिन त्यागी और नगर निगम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

    पार्षद राबिन त्यागी ने बताया कि सड़क नदी के किनारे स्थित है। लंबे समय से नदी का बहाव तटबंध के नीचे की मिट्टी का कटाव कर रहा था, जिससे सड़क के नीचे खोखलापन आ गया था। लगातार बारिश के बाद सड़क का किनारा धंस गया।

    महापौर के निर्देश पर निगम ने तत्काल पत्थर और मिट्टी डालकर क्षतिग्रस्त हिस्से की अस्थायी मरम्मत शुरू कर दी। फिलहाल एक तरफ से यातायात संचालित किया जा रहा है, जबकि स्थायी मरम्मत मानसून के बाद कराई जाएगी।

    People Face Problem due to rain

    पाश कालोनी वसंत विहार भी जलभराव से अछूती नहीं

    लगातार बारिश के बीच शहर की सबसे पाश कालोनियों में शामिल वसंत विहार भी जलभराव की समस्या से जूझता नजर आया।

    पार्षद अंकित अग्रवाल ने कहा कि पूरे क्षेत्र में आज तक प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम विकसित नहीं हो पाया है।

    उनका कहना है कि यदि संबंधित विभागों ने शहर के ड्रेनेज नेटवर्क का वैज्ञानिक अध्ययन कर स्थायी समाधान नहीं निकाला तो हर मानसून में लोगों को इसी तरह परेशानी झेलनी पड़ेगी।

    दून एनक्लेव में घरों में घुसा पानी

    वार्ड पार्षद मंजू कौशिक ने बताया कि सेवला कलां स्थित दून एनक्लेव में गूल क्षतिग्रस्त होने से बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। वहीं नई बस्ती विजय कालोनी में भी ढांग गिरने से एक मकान में मलबा भर गया, जिससे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    खबरें और भी

    दून अस्पताल से कचहरी तक सड़क बनी नदी

    भारी बारिश के दौरान दून अस्पताल चौक से कचहरी तिराहे तक सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी बहता रहा।

    नालियां ओवरफ्लो होने से पूरे क्षेत्र में जलभराव हो गया। कार्यालयों की छुट्टी के समय हालात और बिगड़ गए और पूरे इलाके में भीषण जाम लग गया। वाहन घंटों रेंगते रहे और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में लंबा समय लगा।

    यह भी पढ़ें- देहरादून के विकासनगर में गोहना नदी के उफान में बहा स्कूटी सवार, दो जांबाज युवकों ने बचाई जान

    यह भी पढ़ें- भारी बारिश से मसूरी-देहरादून मार्ग प्रभावित: सड़क पर आईं दरारें, लगा लंबा जाम