विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सुपरवाइजरों के निलंबन पर निगम कर्मियों में गुस्सा, हड़ताल की चेतावनी

By BhanuEdited By:
Updated: Wed, 15 May 2019 11:43 AM (IST)

सफाई को लेकर नगर आयुक्त के आदेश न मानने पर दो सफाई सुपरवाइजरों के निलंबन का मामला गरमा गया है। कर्मचारियों ने हंगामा कर निलंबन निरस्त करने की मांग की।

सुपरवाइजरों के निलंबन पर निगम कर्मियों में गुस्सा, हड़ताल की चेतावनी
सुपरवाइजरों के निलंबन पर निगम कर्मियों में गुस्सा, हड़ताल की चेतावनी

देहरादून, जेएनएन। सफाई को लेकर नगर आयुक्त के आदेश न मानने पर दो सफाई सुपरवाइजरों के निलंबन का मामला गरमा गया है। नगर विकास कर्मचारी संघ एवं सफाई कर्मचारी यूनियन ने इस फैसले के विरुद्ध नगर निगम परिसर में हंगामा किया व नगर आयुक्त से मुलाकात कर निलंबन निरस्त करने की मांग की। 

कर्मचारियों ने निगम अधिकारियों को उनकी सभी मांगों के लिए 26 मई तक का वक्त दिया है। इसके बाद बेमियादी हड़ताल की चेतावनी दे दी है। 

ईसी रोड पर डिवाइडर व फुटपॉथ आदि की आदेश के बावजूद सफाई नहीं होने पर नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने सोमवार को दो सुपरवाइजरों को निलंबित कर दिया था। 

नगर विकास कर्मचारी संघ के सचिव सतेंद्र कुमार व नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष राजेश कुमार ने कर्मचारियों को निगम में एकत्रित किया और फैसले के विरुद्ध नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मी बेहद सीमित संसाधनों के बावजूद सफाई कार्य कर रहे हैं और अधिकारी सिर्फ जिद मनवाने के लिए उनका उत्पीडऩ कर रहे हैं। 

कर्मचारियों ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर निलंबन वापस लेने समेत 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इस दौरान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नाम बहादुर ने कहा कि सातवें वेतनमान का लाभ कर्मचारियों को नहीं मिल रहा, न ही कर्मचारियों को संसाधन दिए जा रहे हैं। वार्ड 60 से बढ़कर 100 हो गए पर कर्मियों की संख्या वही है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि इस स्थिति में वे काम नहीं करेंगे व सरकार के विरुद्ध आंदोलन किया जाएगा। 

महापौर का छापा, गायब मिले कर्मियों के दस्ताने व मॉस्क

महापौर सुनील उनियाल गामा ने श्रीदेवसुमननगर वार्ड में सफाई को लेकर छापा मारा। इस दौरान कई जगह पर कूड़ा व गंदगी मिली। इसके अलावा कुछ सफाई कर्मी गायब मिले, जबकि जो कर्मी काम कर रहे थे, उनके दस्ताने और मॉस्क नहीं थे। कर्मियों ने बताया कि उन्हें दस्ताने व मॉस्क दिए ही नहीं गए। इस पर महापौर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शहर के सभी सफाई कर्मियों को तत्काल दस्ताने व मॉस्क उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। 

अब 22 वार्डों को ऑनलाइन टैक्स सुविधा से जोड़ा

सोमवार को ऑनलाइन हाउस टैक्स सेवा में 20 वार्ड जोड़ने के बाद अब इसमें दो वार्ड का और इजाफा किया गया। वार्ड 31 राजीवनगर और वार्ड 35 दीपनगर भी इसमें शामिल हो गए हैं। 

हालांकि, यह अलग बात है कि मंगलवार को किसी वार्ड से ऑनलाइन टैक्स जमा नहीं हुआ। इसका कारण यह भी है कि सुविधा दोपहर बाद से शुरू हो पाई। टैक्स अधीक्षक विनय प्रताप ने बताया कि अब सुविधा पूरी तरह सुचारु रहेगी।

यह भी पढ़ें: हड़ताल पर रोडवेज कर्मियों की वार्ता विफल, सरकार ने लगाई एस्मा 

यह भी पढ़ें: रोडवेज कर्मियों की वार्ता हुई विफल, 16 से कार्य बहिष्कार

यह भी पढ़ें: 108 कर्मियों की गुहार, बकाया वेतन दिला दो सरकार

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप