दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: PM मोदी मां डाटकाली की पूजा कर लेंगे अनुमति, फिर बटन दबाकर करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को मां डाट काली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।
HighLights
पीएम मोदी 14 अप्रैल को मां डाट काली मंदिर जाएंगे
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से पहले लेंगे आशीर्वाद
यह परंपरा सड़क सुरक्षा और यात्रा की सफलता से जुड़ी है
अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को मां डाट काली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करने के बाद दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करने की अनुमति लेंगे। माता की अनुमति के बाद पीएम मोदी देहरादून स्थित महिंद्रा ग्राउंड की ओर रवाना होंगे।
आयोजन स्थल से ही वह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का बटन दबाकर लोकार्पण करेंगे। इसके बाद ही एक्सप्रेसवे पर वाहन देहरादून से दिल्ली के लिए फर्राटा भरेंगे। प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम पीएमओ से फाइनल हो गया है।

पीएम मोदी के माता से अनुमति लेने के पीछे वजह अंग्रेजों से जुड़ी घटना मानी जा रही है। यह बताया जाता है कि सहारनपुर रोड पर अंग्रेज सुरंग का निर्माण कर रहे थे, तो कई कोशिशों के बावजूद सुरंग बन नहीं पा रही थी।

मान्यता है तभी मां डाटकाली ने पुजारी को स्वप्न में दर्शन देकर टनल के पास अपने मंदिर की स्थापना का संकेत दिया। इसके बाद यहां मंदिर की स्थापना कराई। मंदिर स्थापित होने से सुरंग का निर्माण बिना बाधा के पूरा हो गया।

इसके बाद से यहां पर नए वाहनों के प्रयोग से पूर्व पूजा कराने की परंपरा पड़ गई। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां डाट काली सड़क दुर्घटनाओं से रक्षा करती हैं और यात्रा को सुरक्षित बनाती हैं। सड़क सुरक्षा से जुड़ी इसी मान्यता के कारण पीएम मोदी एक्सप्रेसवे संचालन से पूर्व माता की अनुमति लेंगे।
यह उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है कि देश के प्रधानमंत्री देवभूमि की परंपराओं और आस्था का सम्मान करते हुए मां डाट काली के दरबार में आशीर्वाद लेने आ रहे हैं। उत्तराखंड की पहचान आस्था, संस्कृति, विकास और प्रकृति के संतुलन से है, प्रधानमंत्री का यह कदम उसी भावना को मजबूत करता है। यह एक्सप्रेसवे राज्य के विकास का नया द्वार खोलेगा।
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
खास बिंदु
- पीएम मोदी एक्सप्रेसवे पर एनएच अधिकारियों के साथ करेंगे भ्रमण, परियोजना के बारे में लेंगे जानकारी
- गणेशपुर में बनाया जाएगा सड़क किनारे प्लेटफार्म, धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का होगा आयोजन
बंगाल से आएंगे गुड़हल, वृंदावन से गुलाब
डाटकाली मंदिर में मां काली के श्रृंगार के लिए पश्चिम बंगाल से लाल गुड़हल और वृंदावन से गुलाब मंगाए जा रहे हैं, मां काली को लाल गुड़हल विशेष प्रिय है।
काली उपासना में गुड़हल का विशेष महत्व है। खास अवसरों पर यह फूल मां के श्रृंगार और पूजन का अनिवार्य हिस्सा होता है। गुलाब की पंखुड़ियों से मंदिर को सजाया जाएगा और विशेष पूजा-अर्चना में इनका उपयोग होगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे प्राचीन डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड कॉरिडोर: वन्यजीवों की आजादी, पारिस्थितिकी तंत्र का होगा संरक्षण
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: PM मोदी 18 KM सड़क का सफर तय कर पहुंचेंगे जसवंत ग्राउंड, जनसभा को करेंगे संबोधित

