नेपाल में देहरादून की बेटियों का जलवा, कबड्डी और एथलेटिक्स में जीता स्वर्ण
देहरादून की छात्राओं ने नेपाल के पोखरा में यूथ गेम इंडो-नेपाल इंटरनेशनल सीरीज 2026 में शानदार प्रदर्शन किया।

नेपाल में उत्तराखंड का परचम लहराने वाली विजेता बेटियां।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। देवभूमि की बेटियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
नेपाल के पोखरा में आयोजित यूथ गेम इंडो-नेपाल इंटरनेशनल सीरीज 2026 में देहरादून के पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कबड्डी और एथलेटिक्स में स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया है।
प्रतियोगिता के अंडर-17 कबड्डी फाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला मेजबान नेपाल से हुआ।
कप्तान वैष्णवी के कुशल नेतृत्व में टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए नेपाल को 21-18 के अंतर से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की जीत में उप कप्तान आरुषी तोमर, आराधना, आस्था, चांदनी, अंशिका, दिव्यांशी और योगिता ऐरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एथलेटिक्स में भी दून की छात्राओं का दबदबा
अंडर 14 श्रेणी की 100 मीटर रेस में दिव्यांशी ने अपनी रफ्तार से सबको पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं, 200 मीटर रेस में प्रिया ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। बैडमिंटन के अंडर-17 वर्ग में दीपांजलि यादव ने कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक हासिल किया। फाइनल में नेपाल की खिलाड़ी रुई से 21-16 और 21-19 से पराजित हुईं।
दिग्गजों ने बढ़ाया उत्साह, ओलिंपिक को बताया लक्ष्य
इस उपलब्धि के बाद उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और कैबिनेट मंत्री खजान दास ने वीडियो काल के जरिए से बालिकाओं से बात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
नेपाल के पोखरा के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी ने भी व्यक्तिगत रूप से मिलकर टीम की सराहना की। टीम के कोच डाक्टर हरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि इन छात्राओं का चयन कड़ी मेहनत के बाद हुआ है।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बेटियों को 2036 के ओलिंपिक के लिए तैयार करना है, ताकि ये वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकें।
यह भी पढ़ें- रोहित 2.0: लगभग 10 महीने बाद टी-20 क्रिकेट में वापसी कर रहे हिटमैन ने साबित की क्लास
यह भी पढ़ें- द्वितीय मंजुल सिंह मांजिला स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता: दून सुपर किंग्स को हराकर दून डेयर डेविल बनी चैंपियन
