विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहली बार कैमरे में कैद हुआ 'पहाड़ों का भूत', धौलाधार वाइल्डलाइफ सेंचुरी में दिखा हिम तेंदुआ

Published: Mon, 03 Aug 2026 06:15 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के धौलाधार वन्यजीव अभयारण्य में पहली बार हिम तेंदुए की कैमरा ट्रैप से तस्वीर दर्ज की गई है, जो अभयारण्य के इतिहास में पहली वैज्ञानिक पुष्टि है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. धौलाधार अभयारण्य में पहली बार हिम तेंदुआ कैमरा ट्रैप में दिखा।

  2. यह अभयारण्य के इतिहास की पहली वैज्ञानिक फोटोग्राफिक पुष्टि है।

  3. धौलाधार अब चार शीर्ष शिकारियों वाला संरक्षित क्षेत्र बना।

जागरण संवाददाता, देहरादून। हिमाचल प्रदेश के धौलाधार वन्यजीव अभयारण्य में पहली बार हिम तेंदुए की कैमरा ट्रैप से तस्वीर दर्ज की गई है। यह इस अभयारण्य के इतिहास में पहली विज्ञानी फोटोग्राफिक पुष्टि मानी जा रही है। खास बात यह है कि हिम तेंदुआ वर्षों से अभयारण्य के आधिकारिक प्रतीक (लोगो) का हिस्सा रहा, लेकिन अब तक इसका यहां कोई प्रत्यक्ष फोटोग्राफिक प्रमाण नहीं मिला था। इसकी दुर्लभ उपस्थिति के कारण विज्ञानी हिम तेंदुए को घोस्ट आफ माउंटेन्स (पहाड़ों के भूत) नाम से बुलाते हैं।

यह महत्वपूर्ण उपलब्धि भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जेडएसआई), भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई), देहरादून और हिमाचल प्रदेश वन विभाग के संयुक्त अध्ययन के दौरान कैमरा ट्रैप के माध्यम से मिली।

शोधकर्ताओं के अनुसार यह हिम तेंदुआ स्थायी रूप से यहां रहने के बजाय ऊंचाई वाले संरक्षित क्षेत्रों के बीच आने-जाने वाले वन्यजीव कॉरिडोर का उपयोग कर रहा था। यह खोज बताती है कि धौलाधार अभयारण्य हिमालयी वन्यजीवों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की भूमिका निभा रहा है।

इस खोज के साथ धौलाधार वन्यजीव अभयारण्य अब चार शीर्ष शिकारी वाला संरक्षित क्षेत्र बन गया है। यहां अब हिम तेंदुआ, हिमालयी भूरा भालू, एशियाई काला भालू और सामान्य तेंदुआ—चारों की वैज्ञानिक उपस्थिति दर्ज हो चुकी है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी पारिस्थितिकी तंत्र में इतने शीर्ष शिकारी का होना वहां की जैवविविधता और खाद्य श्रृंखला के स्वस्थ होने का संकेत है।

हिम तेंदुआ भारत में संकटग्रस्त प्रजातियों में शामिल है। वर्ष 2024 में जारी देश की पहली वैज्ञानिक गणना के अनुसार भारत में इनकी अनुमानित संख्या 718 है, जिनमें हिमाचल प्रदेश में 51 हिम तेंदुए दर्ज किए गए थे।

राज्य / केंद्र शासित प्रदेश हिम तेंदुओं की संख्या
लद्दाख 477
उत्तराखंड 124
हिमाचल प्रदेश 51
अरुणाचल प्रदेश 36
सिक्किम 21
जम्मू-कश्मीर 9
कुल 718

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड वोटर लिस्ट: SIR के दौरान डॉक्यूमेंट जमा करने का अंतिम मौका, इन दस्तावेज की पड़ेगी जरूरत