विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्मार्ट सिटी की लापरवाही से पलटन बाजार में छाया अंधेरा, बिल न चुकाने पर कटा स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन

Updated: Wed, 12 Aug 2026 12:29 AM (IST)

स्मार्ट सिटी द्वारा चार माह से बिल जमा न करने पर यूपीसीएल ने पलटन बाजार की स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया है। इससे बाजार में अंधेरा छा गया है, जिससे व्यापारियों और खरीदारों को परेशानी हो रही है और जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. स्मार्ट सिटी ने चार माह से स्ट्रीट लाइट बिल नहीं चुकाया।

  2. यूपीसीएल ने 88 हजार बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया।

  3. पलटन बाजार में अंधेरा, व्यापारियों को चोरी का डर।

जागरण संवाददाता, देहरादून। पलटन बाजार में लगी स्ट्रीट लाइटों का चार महीनों से स्मार्ट सिटी ने बिल ही जमा नहीं किया। ऐसे में अब यूपीसीएल ने स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया है। स्ट्रीट लाइटें बंद होने से शाम ढलते ही बाजार में अंधेरा छा जाता है। स्मार्ट सिटी की लापरवाही के कारण व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दून के सबसे बड़े बाजार पलटन में घंटाघर से दर्शनी गेट तक धामावाला सहित कई अन्य बाजार भी हैं। स्मार्ट सिटी की ओर से यहां करीब 100 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं, लेकिन शाम को अंधेरा छाने से इन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।

यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता गौरव सकलानी ने बताया कि चार महीने से स्मार्ट सिटी ने बिल जमा नहीं किया है। 88 हजार रुपये बकाया होने पर कुछ दिन पहले ही स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काटा गया है। वहीं, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया कि एक-दो दिन में बिल जमा करा दिया जाएगा।

व्यापारी बोले- अंधेरे में बढ़ जाती हैं घटनाएं

व्यापारी सुनील मैसोन, दिव्य सेठी का कहना है कि स्ट्रीट लाइटें बंद होने से शाम होते ही बाजार में अंधेरा छा जाता है। इसके कारण चोरी समेत अन्य घटनाओं के बढ़ने की आशंका है। पहले भी बाजार में रात के समय चोरी की कई घटनाएं हुई हैं।

जिलाधिकारी ने भी लिया संज्ञान

स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काटे जाने का मामला जिलाधिकारी कार्यालय भी पहुंचा। इस पर जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने समार्ट सिटी के अधिकारियों को जल्द बिल जमा करने और स्ट्रीट लाइट शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।