देहरादून के कालसी में घरेलू विवाद में पति ने दरांती से की पत्नी की हत्या
देहरादून के कालसी तहसील के कचटा गांव में आपसी विवाद के चलते पति मनोज ने अपनी पत्नी नीलम की 'पाथल' ...और पढ़ें
-1791467398054_m.webp)
HighLights
कालसी के कचटा गांव में हुई घटना।
पति मनोज ने पत्नी नीलम की हत्या की।
आपसी विवाद के बाद पति फरार हुआ।
संवाद सूत्र, जागरण कालसी (देहरादून)। तहसील क्षेत्र से जुड़े कचटा गांव में गुरुवार शाम को एक ग्रामीण ने दरांती से हमला कर पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपित पति मौके से फरार हो गया, जिसे राजस्व पुलिस तलाश कर रही है।
बताया जा रहा घर में मौजूद पति पत्नी के बीच कमरे में आपसी विवाद होने से जब महिला चिल्लाते हुए बरामदे में पहुंची तो आरोपित पति ने वहां लकड़ी के पास रखे दरांती से उसकी गर्दन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
सूचना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जौनसार बावर के कचटा गांव में पति पत्नी के बीच हुए विवाद में पाठल से नृशंस हत्याकांड का मामला सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
करीब चार साल पहले लखवाड़ निवासी किसान दींगा की पुत्री नीलम का विवाह जौनसारी रीति रिवाज से कालसी तहसील के कचटा निवासी मनोज के साथ हुआ था। मनोज गांव में परिवार के साथ खेती बाड़ी का काम करता है।
गुरुवार को करीब दो बजे घर में मनोज का पत्नी नीलम के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति पत्नी के बीच हुए विवाद से महिला कमरे से चिल्लाते हुए बाहर की तरफ दौड़ी। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर मकान के दूसरे मंजिल में कमरे के अंदर सो रही 15 वर्षीय किशोरी पायल जो कि महिला की ननद है, वह कमरे से बाहर निकली।
गुस्से में आग बबूला आरोपित पति मनोज ने बरामदे में लकड़ी के पास रखे दरांती से पत्नी की गर्दन पर हमला कर उसकी नृशंस हत्या कर दी और उसे लहूलुहान हालत में वहां तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया। हत्याकांड से डरी सहमी किशोरी ने कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई।
किशोरी ने घटना की सूचना परिजनों व अन्य लोगों को दी। घटना के समय परिवार के अन्य लोग खेतों में काम करने गए थे। कुछ देर बाद आसपास के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी।
सूचना के तुरंत बाद नायब तहसीलदार कालसी रवींद्र असवाल व नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मौके से पाठल बरामद किया।
पुलिस ने घटना के समय वहां मौजूद चश्मदीद गवाह किशोरी के बयान दर्ज किए तथा परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ की। नृशंस हत्याकांड से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारे पति को तुरंत गिरफ्तार कर आरोपित के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। नायब तहसीलदार ने कहा आरोपित हत्यारे पति मनोज की तलाश की जा रही है। इस दौरान रजिस्ट्रार कानूनगो जयलाल शर्मा व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
