उत्तराखंड: CM धामी का कांग्रेस पर करारा हमला, बोले- कारगिल विजय पर की राजनीति
मुख्यमंत्री धामी ने कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम में कांग्रेस पर हमला बोला, कहा कि उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को राजनीतिक नजरिए से देखा और सैनिकों के ...और पढ़ें

कारगिल विजय दिवस पर गांधी पार्क में आयोजित शौर्य दिवस कार्यक्रम में बोलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
HighLights
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर कारगिल विजय के राजनीतिकरण का आरोप लगाया
कहा, कांग्रेस ने सैनिकों के शौर्य को उचित सम्मान नहीं दिया
पहले कारगिल विजय दिवस न मनाना कांग्रेस की मानसिकता दर्शाता है
जागरण संवाददाता, देहरादून। कारगिल विजय दिवस पर गांधी पार्क में आयोजित शौर्य दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कारगिल विजय जैसी ऐतिहासिक उपलब्धि को भी राजनीतिक नजरिए से देखा और सैनिकों के शौर्य को उसका उचित सम्मान नहीं दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश उन वीर सैनिकों को नमन कर रहा है, जिन्होंने भारत माता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
ऐसे समय उस दौर को भी याद करना जरूरी है, जब कारगिल विजय दिवस नहीं मनाया जाता था। यह सेना और उसके पराक्रम के प्रति कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना कभी राजनीति से प्रेरित नहीं होती। भारतीय सेना विश्व की सबसे शक्तिशाली सेनाओं में शामिल है और हमेशा अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का परिचय देती रही है।
जिस शौर्य गाथा से देश का मस्तक गर्व से ऊंचा होता है, उसे केवल इसलिए उचित सम्मान नहीं मिला क्योंकि कारगिल युद्ध के दौरान केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार थी। यह कांग्रेस की राजनीतिक कुंठा और संकीर्ण मानसिकता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
धामी ने कहा कि सेना के प्रति कांग्रेस की सोच हमेशा निम्न स्तर की रही है। सैनिकों के शौर्य और बलिदानियों के रक्त पर राजनीति करने का जो महापाप कांग्रेस और उसके नेताओं ने किया है, उसे देश की जनता कभी नहीं भूल सकती।