यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गूगल-पे का पिन नंबर पूछ ठगे डेढ़ लाख रुपये Dehradun News
साइबर ठगों ने एयर टिकट के नाम पर गूगल-पे का पिन पूछकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी कर ली। फोन पर रकम निकालने का मैसेज आते ही पीड़ित हैरान हो गया।

देहरादून, जेएनएन। साइबर ठगों ने एयर टिकट के नाम पर गूगल-पे का पिन पूछकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी कर ली। फोन पर रकम निकालने का मैसेज आते ही पीड़ित हैरान हो गया।
रायपुर पुलिस के अनुसार चंदन विहार कंडोली के अमन जोशी ने दिल्ली से गुजरात जाने के लिए मेक माई टिप से ऑनलाइन एयर टिकट बुक कराए। टिकट कंफर्म का मैसेज उनके मोबाइल फोन पर आया। मगर, फोन से मैसेज डिलीट हो गया। इस पर अमन ने गूगल से मेक माई टिप के कस्टमर केयर का नंबर लेते हुए फोन किया, लेकिन फोन किसी ने उठाया नहीं। गूगल पर दूसरा नंबर ढूंढा और फोन किया।
कस्टमर केयर की तरफ से बताया गया कि दोबारा मैसेज के लिए 25 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने होंगे। इसके लिए एक लिंक देते हुए ऑनलाइन भरकर देने को कहा। जैसे ही लिंक में जानकारी दी गई। आरोपितों ने गूगल-पे का पिन भी मांग लिया। पिन न देने पर आरोपितों ने टिकट कैंसिल करने की बात कही।
पीड़ित को परिवार के साथ अगले दिन गुजरात जाना था, इसलिए पिन दे दिया। जैसे ही गूगल-पे का पिन मिला, साइबर ठगों ने पीड़ित के खाते से एक लाख 68 हजार 899 की रकम निकाल ली। रायपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
