हेमकुंड साहिब यात्रा: भारी बारिश से मार्ग पर आया मलबा, जान जोखिम में डाल आवाजाही कर रहे श्रद्धालु
भारी बारिश के कारण हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पुलना से घांघरिया के बीच तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। ...और पढ़ें
HighLights
हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग तीन जगह क्षतिग्रस्त हुआ
भारी बारिश और भूस्खलन से पैदल रास्ता टूटा
श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं
जागरण संवाददाता, गोपेश्वर। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पुलना से घांघरिया के मध्य तीन स्थान पर अतिवृष्टि से पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि, हेमकुंड साहिब फूलों की घाटी लोकपाल तीर्थ यात्रा सुचारू है।
भ्यूंडार वैली के उच्च हिमालई क्षेत्रों में इन दिनों वर्षा हो रही है। किलोमीटर एक और तीन के बीच कूड़पनी और जंगलचट्टी के बीच पैदल मार्ग तीन जगहों पर क्षतिग्रस्त हुआ है। बताया गया है कि भूस्खलन के साथ पेड़ टूट कर पैदल रास्ते पर आ गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को आवाजाही करने में दिक्कत हो रही है।
आवाजाही करने में दिक्कत
अतिवृष्टि के बाद टूटे पैदल रास्तों पर श्रद्धालु खतरे में एक तरफ से दूसरी तरफ आर पार हो रहे हैं। ईडीसी भ्यूंडार अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि भ्यूंडार वैली के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते श्री हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग तीन जगह पर क्षतिग्रस्त हुआ है।
सुबह श्री हेमकुंड साहिब आने जाने वाले संगतों को कई घंटे तक मार्ग दुरूस्त होने का इंतजार भी करना पड़ा। जन्माष्टमी के चलते पिछले दो दिनों से लोकपाल श्री लक्ष्मण मंदिर सहित हेमकुंड साहिब धाम में स्थानीय समुदाय के श्रद्धालुओं सहित संगत की भीड़ बढ़ी है, जिसके चलते गोविंद धाम घांघरिया में फिर से चहल पहल बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- चमोली: हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे युवक की फिसली बाइक, एक की मौत एक घायल; सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
सुबह पुलना से घांघरिया जाने वाले संगतों को कई जगहों पर मार्ग ओर पुश्ता टूटने से यात्री जान हथेली पर रख कर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि जल्द मार्ग दुरस्त करने की ठोस कार्यवाही करें, जिसके चलते श्रद्धालुओं को गुरु के धाम की यात्रा और विश्व धरोहर फूलों की घाटी आने वाले सैलानियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
