उत्तराखंड में अक्टूबर के पहले हफ्ते में ही बढ़ी ठंड, हेमकुंड साहिब में बर्फबारी... 400 यात्री को रोके, बदरीनाथ हाईवे बंद
उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद भी रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी जारी है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।
HighLights
अक्टूबर के पहले सप्ताह में ही पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ी
हेमकुंड साहिब और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई
देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट
जागरण संवाददाता, चमोली। दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई के बावजूद प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा हो रही है।
उच्च व मध्य हिमालयी क्षेत्र में अक्टूबर पहले सप्ताह में ही दो दौर की वर्षा हो चुकी है। इससे पर्वतीय क्षेत्र में ठंड की आमद हो गई है। तराई में भी तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।
बदरीनाथ हाईवे पागलनाला में बंद
शुक्रवार को प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। हेमकुंड साहिब और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। वहीं निचले इलाकों में बारिश हुई। वहीं बारिश से बदरीनाथ हाईवे पागलनाला में बंद हसे गश्स है। खोलने का काम जारी है, यात्री वाहन दोनों ओर हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
400 यात्रियों को घांघरिया में रोका
हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर बर्फबारी के बाद घांघरिया से हेमकुंड के बीच यात्रियों को रोका गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए हेमकुंड साहिब के बेस कैंप घांघरिया में ही यात्रियों को फिलहाल रोका गया है। लगभग जाने वाले 400 यात्री हेमकुंड घांघरिया में हैं। हेमकुंड यात्रा मार्ग में कालाकोटी से हेमकुंड साहिब तक रास्ते में बर्फबारी हो रही है।
यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ के अनेक स्थानों तथा राज्य के अन्य जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की भी संभावना है। इसके अलावा कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।
