योनो ऐप के नाम पर 4.70 लाख की ठगी, एसबीआई अधिकारी बनकर दिया झांसा
बागेश्वर में एक व्यक्ति योनो ऐप चालू कराने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गया, जिसमें उसने 4.70 लाख रुपये गंवा दिए।

जागरण संवाददाता, बागेश्वर। कांडा थाना क्षेत्र के मुस्योली निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठग ने खुद को एसबीआई हेडक्वार्टर का अधिकारी बताकर पीड़ित को झांसे में लिया और बैंक खाते व एटीएम से संबंधित जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद खाते से चार लाख 69 हजार 999 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुस्योली निवासी दिनेश चंद्र जोशी, पुत्र भोला दत्त जोशी, ने कांडा थाने में तहरीर देकर बताया कि 12 अगस्त की शाम उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई हेडक्वार्टर का अधिकारी बताया और कहा कि बंद योनो ऐप को दोबारा चालू कर दिया जाएगा। उसकी बातों में आकर दिनेश चंद्र ने बैंक खाता, आधार संख्या और एटीएम कार्ड से संबंधित जानकारी साझा कर दी। कुछ ही देर बाद उनके खाते से चार लाख 69 हजार 999 रुपये गायब हो गए।
जब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और कांडा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
