बागेश्वर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सोमवार को बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के चलते बागेश्वर में 31 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है, जिसके कारण जिले के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
31 अगस्त को बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
छात्रों की सुरक्षा हेतु सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र बंद।
जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश, लोगों से सतर्क रहने की अपील।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। मौसम विभाग की ओर से 31 अगस्त को जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यन्त तीव्र दौर की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सोमवार को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पांडे ने रविवार को आदेश जारी कर बताया कि 31 अगस्त को जनपद के कक्षा एक से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित विद्यालय या संस्थान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मौसम विभाग के आरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से भी सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से सुरक्षित स्थानों से बाहर न निकलने की अपील की है।
