बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सोमवार को सभी स्कूल रहेंगे बंद
बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के बाद मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा के मद्देनजर 10 अगस्त को जिले के सभी स्कूल और आं ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
छात्रों की सुरक्षा हेतु 10 अगस्त को स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र बंद।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील, यातायात प्रभावित।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। मानसून के तेवर एक बार फिर तल्ख हो गए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए आरेंज अलर्ट घोषित किया है।
इस स्थिति को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 10 अगस्त को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा नौ अगस्त को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण जिले में पहले से ही कई ग्रामीण मोटर मार्ग प्रभावित हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
इस गंभीर मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। विशेषकर दूरस्थ गांवों से विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
प्रभारी जिलाधिकारी एनएस नबियाल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों की ओर नहीं जाने की अपील की है।