बागेश्वर में पंचायत घर के सामने पहाड़ी से लगातार भूस्खलन, दहशत में ग्रामीण
बागेश्वर के कपकोट तहसील के बघर गांव में पंचायत घर के सामने पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे ग्रामीण चिंतित हैं।
HighLights
कपकोट के बघर गांव में पंचायत घर के सामने लगातार भूस्खलन
सड़क निर्माण में जल निकासी की कमी भूस्खलन का कारण
ग्रामीणों ने तत्काल सुरक्षात्मक और जल निकासी कार्य की मांग की
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। तहसील कपकोट के ग्राम पंचायत बघर के पंचायत घर के ठीक सामने पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। इससे सड़क और आसपास के क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस स्थिति के लिए पीएमजीएसवाई कपकोट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
लोगों का कहना है कि पहाड़ों में सड़क निर्माण के दौरान पहाड़ की कटिंग तो कर दी जाती है, लेकिन इसके बाद पानी की निकासी के लिए आवश्यक नालियों और कलमठ की व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। बारिश के दौरान पहाड़ों से आने वाला पानी सड़क की कटिंग वाले हिस्सों में जमा होकर भूस्खलन का कारण बनता है।
यह भी पढ़ें- नेपाल में भूस्खलन के बाद चमेलिया नदी में बनी झील, तीन बांधों का पानी भारत में ला सकता है प्रलय
ग्रामीणों का सवाल है कि आपदा का बजट आपदा आने के बाद ही क्यों खर्च किया जाता है? आपदा से पहले संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा और जल निकासी के कार्य क्यों नहीं कराए जाते। पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह प्राकृतिक जल बहाव होता है। ऐसे में सड़क निर्माण से पहले ही पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था किया जाना जरूरी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आपदा के बाद सड़क की मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च करने के बजाय यदि पहले से नालियों, कलमठ, सुरक्षा दीवार और अन्य सुरक्षात्मक कार्य करा दिए जाएं तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है। इससे सरकारी धन की बचत के साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण में मानकों और भौगोलिक परिस्थितियों का ध्यान रखा जाना जरूरी है। केवल पहाड़ काटकर सड़क बना देना पर्याप्त नहीं है।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी के अमृतपुर में भारी भूस्खलन, 30 मीटर सिंचाई गूल बही... 50 नाली जमीन प्रभावित
सड़क निर्माण के बाद पानी की निकासी और पहाड़ की सुरक्षा के इंतजाम भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। पंचायत घर के सामने लगातार हो रहा भूस्खलन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर तत्काल सुरक्षात्मक और जल निकासी के कार्य कराने की मांग की है।
