बागेश्वर में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, राष्ट्रीय राजमार्ग नौ जगह बंद, हजारों यात्री फंसे
बागेश्वर में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जिससे बागेश्वर-गरुड़-बैजनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नौ स्थानों पर बाधित हुआ। इस कारण ...और पढ़ें
HighLights
बागेश्वर में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त।
राष्ट्रीय राजमार्ग नौ स्थानों पर बाधित, 5000+ यात्री प्रभावित।
कई मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त, प्रशासन ने मलबा हटाया।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। जिले में मंगलवार को लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बागेश्वर-गरुड़-बैजनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग नौ स्थानों पर बाधित रहा।
फटगली के पास पहाड़ी दरकने से सड़क पर पत्थर और मलबा गिरता रहा, जबकि अड़ौली के पास पेड़ गिरने से घंटों यातायात ठप रहा। इस स्थिति के कारण पांच हजार से अधिक यात्री प्रभावित हुए, जिनमें स्कूली बच्चे और शिक्षक भी शामिल थे, जिन्हें सड़क खुलने का घंटों इंतजार करना पड़ा।
मंगलवार सुबह लगभग चार बजे एनएच पर यातायात बाधित हुआ। सुबह साढ़े चार बजे दिल्ली और पांच बजे देहरादून जाने वाली रोडवेज बसें मुख्यालय लौट गईं। रामनगर, रानीखेत समेत अन्य स्थानों के वाहन भी आगे नहीं बढ़ सके। सब्जी, दूध और अखबार लेकर आने वाले वाहन भी घंटों जाम में फंसे रहे।
शव यात्रा वालों को भी वाहन बदलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। प्रशासन ने लोडर मशीन लगाकर मलबा हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका, लेकिन फटगली में पहाड़ से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है।कपकोट क्षेत्र में पिंडारी मोटर मार्ग भी पहाड़ी दरकने से बाधित हुआ। आरे के पास मलबा आने से यातायात प्रभावित रहा।
बालीघाट-धरमघर मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से आवाजाही में दिक्कत आई। मंगलवार को विद्यालयों में अवकाश नहीं होने के कारण छात्र-छात्राएं और शिक्षक बारिश के बीच स्कूल पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम करने और बंद मार्गों को प्राथमिकता से खोलने की मांग की है।
