उत्तराखंड में भूस्खलन से परिवार पर टूटा कहर, जिस घर में गूंजनी थी शहनाई... वहां जलीं तीन चिताएं
अल्मोड़ा के हवालबाग ब्लॉक में प्राकृतिक आपदा ने एक परिवार के तीन सदस्यों की जान ले ली, जहां बेटी की ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अल्मोड़ा: हवालबाग ब्लाक में प्राकृतिक आपदा ने एक परिवार के सपनों को पलभर में मलबे में दफन कर दिया। जिस घर में चार माह बाद बेटी की शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां बुधवार को एक साथ तीन चिताएं जलीं। मां और उसके बेटा-बेटी की मौत से पूरा परिवार ही नहीं, बल्कि गांव भी गम में डूब गया। पातलीबगड़ राममंदिर के पास ब्रह्मघाट गंऊधार में गमगीन माहौल में तीनों की अंत्येष्टि की गई।
वड्यूड़ा गांव में आई आपदा ने सबको झकझोर दिया। वहीं हादसे में पत्नी प्रेमा देवी, पुत्री कल्पना आर्या और पुत्र मनीष को खो चुके राजेंद्र राम के लिए दिल्ली से अल्मोड़ा तक का सफर जिंदगी का सबसे पीड़ादायक सफर बन गया। बेटी की शादी को लेकर परिवार खुशियों के सपने संजो रहा था, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। बुधवार को उसी घर की खुशियों की जगह मातम पसरा था और पिता ने नम आंखों से पत्नी व दोनों बच्चों को अंतिम विदाई दी।
हादसे के दौरान 80 वर्षीय दादा भी बगल वाले कमरे में सो रहे थे। अचानक मलबा आया और उनकी आंखों के सामने बहू, नाती और नातिन उसमें दब गए। बूढ़ी काया ने भले ही साथ नहीं दिया, लेकिन हिम्मत नहीं टूटी। उन्होंने हाथों से मलबा हटाकर अपनों को बचाने की आखिरी कोशिश तक जारी रखी। मगर नियति के आगे उनकी हर कोशिश बेबस हो गई।
बुधवार को जब तीनों की चिताएं एक साथ जलीं तो दादा की आंखों के सामने हादसे का पूरा मंजर घूमता रहा। चेहरे पर अपनों को खोने का दर्द साफ दिखाई दे रहा था। कुछ ही पलों में एक परिवार की तीन जिंदगियां चली गईं और जिस घर में शहनाई गूंजने वाली थी, वहां मातम की खामोशी हमेशा के लिए बस गई। वहीं गमगीन माहौल राजेंद्र के छोटे भाई केदार ने भाभी, भतीजे और भतीजी की चिंताओं को मुखाग्नि दी।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने जताया शोक
वड्यूड़ा गांव में हुए दर्दनाक हादसे ने सबको दूखी कर दिया। वहीं हादसे के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा, महेश नयाल, राजेंद्र बाराकोटी, अजय पाल, रमेश भाकुनी, शिवराज नयाल, बीडीसी आशीष कुमार, सुंदर राम, पान सिंह, गोविंद राम समेत तमाम जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शोक जताया।
