Varanasi Weather Update: कोहरे के बाद बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, बढ़ेगी ठिठुरन
वाराणसी में सुबह घने कोहरे के बाद धूप निकली, लेकिन मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज- ...और पढ़ें

घने कोहरे और धुंध के साथ सुबह हुई, इसके कारण दृश्यता में आई कमी। जागरण
HighLights
पश्चिमी विक्षोभ से यूपी में बारिश, ओलावृष्टि की चेतावनी।
अगले 24 घंटे में तापमान बढ़ेगा, फिर 5 डिग्री गिरेगा।
1 फरवरी से बारिश का दूसरा दौर, बिजली गिरने की संभावना।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। Varanasi Weather Today: घने कोहरे और धुंध के साथ मंगलवार की सुबह हुई, इसके कारण दृश्यता काफी कम रही। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को हल्की राहत मिली। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा।
वहीं, बीती रात का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। सुबह हवा में नमी का स्तर 93 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे गलन महसूस की गई। शाम तक यह घटकर 66 प्रतिशत रही। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर होने जा रहा है।
पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर बने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तड़ित झंझावात, तेज हवा और ओलावृष्टि की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तरी पाकिस्तान के पास मध्य क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अरब सागर से आने वाली नमी युक्त हवा का पंजाब और राजस्थान के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश हो रहा है। हवा के इस आपसी टकराव के कारण वर्षा और ओलावृष्टि की अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- थाईलैंड की राजकुमारी सिनिनाथ ने सारनाथ में किया बुद्ध पूजन, धमेख स्तूप की परिक्रमा की
आने वाले दिनों में लोगों को तापमान में भारी उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ेगा। अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की तात्कालिक वृद्धि होगी, जबकि अगले 72 घंटे में वर्षा के बाद तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। एक फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वर्षा का दूसरा दौर शुरू होगा। जिलों में बिजली चमकने और गिरने की प्रबल संभावना है।