Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रीपेड मीटर लगने के बाद बिल देख चकराया यूपी के उपभोक्ता का सिर, बोला- सब्जी बेचकर इतना पैसा कहां से लाऊंगा

    Updated: Fri, 17 Apr 2026 06:13 PM (IST)

    वाराणसी में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिजली बिल मिल रहे हैं, जिससे वे परेशान हैं। पहले के मुकाबले बिल 10 हजार से 50 हजा ...और पढ़ें

    (Photo Source - AI Generated)

    (Photo Source - AI Generated)

    HighLights

    1. प्रीपेड स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिल।

    2. बकाया बढ़ने पर बिजली स्वतः कटने से लोग बेहाल।

    3. पुराने मीटर की अनपढ़ी खपत नए बिल में जुड़ी।

    जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रीपेड स्मार्ट बिजली मीटर लगने के साथ उपभोक्ताओं के सामने बेतहाशा बिजली बिल की समस्या खड़ी हो गई है। जहां पहले मासिक बिल 800 से 3000 रुपये तक आता था। वहीं, अब कई उपभोक्ताओं को 10 से 50 हजार रुपये तक का बिल मिल रहा है।

    बकाया बढ़ने पर बिजली स्वतः कट जा रही है, जिससे गर्मी के इस मौसम में लोग बेहाल हैं। बड़ी संख्या में परेशान उपभोक्ता बड़ालालपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र समेत विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर अपनी समस्या लेकर लोग कहासुनी कर रहे हैं।

    सरसौली क्षेत्र में यह समस्या सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है। बुच्चन देवी (कनेक्शन नंबर 1175911000) ने बताया कि 18 फरवरी को उनके घर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगा दिया गया। पहले उनके बिल कभी 900, कभी 1500 या गर्मी में अधिकतम 3000 रुपये तक आते थे, लेकिन नौ अप्रैल को उनके मोबाइल पर 50 हजार 968 रुपये के बकाया का मैसेज आया।

    10 अप्रैल को बिजली कट गई। बुच्चन देवी हार्ट की मरीज हैं और बिना बिजली के पूरा परिवार परेशान है। उनके बेटे आदर्श गुप्ता ने बताया कि घर में एसी तक नहीं है, फिर भी दो महीने में 50 हजार का बिल कैसे आ रहा है यह समझ से परे है। उपकेंद्र गए तो अधिकारियों ने कहा बिल भरो तो तभी लाइट आएगी।

    खबरें और भी

    इसी क्षेत्र के सब्जी विक्रेता मुन्ना सोनकर ने शिकायत की कि उनके पिता के नाम का कनेक्शन है। सितंबर 2025 से जनवरी 2026 तक 2423 रुपये बकाया रह गया था। 18 फरवरी को मीटर लगाकर विभाग वाले चले गए।

    अचानक 47000 रुपये की बढ़ोतरी

    नौ अप्रैल को जब बिल निकलवाया तो 54 हजार 950 रुपये का बिल दिखा। मुन्ना सोनकर ने कहा कि फुटपाथ पर सब्जी बेचकर इतना पैसा कहां से लाएंगे। विभाग हमारी बात नहीं सुन रहा। सरसौली की पूनम सोनकर ने बताया कि उनके घर में सिर्फ एक पंखा, बल्ब और गर्मी में कूलर चलता है।

    मां के नाम का कनेक्शन है। 24 फरवरी को 978 रुपये बकाया जमा किया, अगले दिन 25 फरवरी को स्मार्ट मीटर लग गया, लेकिन एक महीने बाद ही 30 मार्च को 10 हजार 571 रुपये का बिल आ गया। पूनम और उनका भाई चिंतित हैं। उपकेंद्र पहुंचने पर अधिकारियों का यही जवाब मिलता है कि बिल भरना पड़ेगा।

    पुराने मीटर नान-कम्युनिकेशन मोड में रहने के कारण स्टोर रीडिंग (अनपढ़ी खपत) रह गई थी। नया स्मार्ट मीटर लगने पर वह पुरानी रीडिंग भी जुड़ गई, जिससे बिल अचानक बढ़ गया। बैलेंस नेगेटिव होने पर बिजली स्वतः कट जाती है। - विनीत कुमार शुक्ला, उपखंड अधिकारी, बड़ालालपुर विद्युत उपकेंद्र वाराणसी।