विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1901 से अब तक सवा सौ वर्षों में उत्‍तर प्रदेश में अगस्त माह में 12वीं सर्वाधिक वर्षा से हाहाकार की स्‍थ‍ित‍ि

By Vns Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 02 Sep 2026 06:21 PM (IST)

इस बार अगस्त माह में वाराणसी और उत्तर प्रदेश में 35 वर्षों बाद रिकॉर्ड तोड़ वर्षा हुई, जो बीते सवा ...और पढ़ें

वाराणसी में अगस्त की रिकॉर्ड तोड़ वर्षा, 127 साल में 12वीं सर्वाधिक बारिश दर्ज।

वाराणसी में अगस्त की रिकॉर्ड तोड़ वर्षा, 127 साल में 12वीं सर्वाधिक बारिश दर्ज।

HighLights

  1. अगस्त में बनारस में 448 मिमी वर्षा, 127 साल का रिकॉर्ड.

  2. उत्तर प्रदेश में सामान्य से 24% अधिक वर्षा दर्ज की गई.

  3. सितंबर में भी औसत से अधिक वर्षा की संभावना है.

शैलेश अस्थाना, जागरण, वाराणसी। सावनी मेघों ने इस बार अगस्त माह में वर्षा का एक नया इतिहास रच दिया। हाल के 35 वर्षों बाद, 21वीं सदी का चतुर्थांश समय व्यतीत हो जाने के बाद पहली बार अगस्त माह में इतना पानी गिरा। इस एक माह में बनारस में 245.1 मिमी के सापेक्ष 448 मिमी हुई वर्षा ने बीते सवा सौ सालों के इतिहास में अगस्त की सर्वाधिक वर्षा की सूची में 12वां स्थान बना लिया है।

इस मानसूनी सत्र में जून से अब तक बनारस में हुई कुल औसत वर्षा 584 मिमी के सापेक्ष औसतन 591.9 मिमी यानी तीन प्रतिशत अधिक है। बनारस में सवा सौ साल में अगस्त माह में अब तक हुई सर्वकालिक सर्वाधिक वर्षा का रिकार्ड वर्ष 1948 के नाम है। उस वर्ष यहां 705.8 मिमी वर्षा हुई थी।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगस्त-2026 के दौरान पूरे प्रदेश में हुई सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। प्रदेश में 235.5 मिमी के दीर्घकालिक औसत के सापेक्ष 24% अधिक कुल 291.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है जो इक्कीसवीं शताब्दी के दौरान वर्ष 2018 (293.1 मिमी) के उपरांत सर्वाधिक है।

डा. सिंह ने इसका कारण मुख्य रूप से बंगाल की खाड़ी में अगस्त के दौरान बनने वाले और प्रदेश को प्रभावित करने वाले कुल सात निम्न दबाव क्षेत्रों को दिया जिनमें से तीन सुदृढ़ होकर अवदाब में परिवर्तित हो गए।

सितंबर में भी साामान्य से अधिक रह सकती वर्षा

डा. सिंह ने बताया कि सितंबर माह में भी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में बनी मजबूत एल-निनो परिस्थितियों के प्रभाव से तटस्थ हिंद महासागरीय द्विध्रुव के उत्तरोत्तर मजबूत होने एवं अन्य क्षेत्रीय गतिविधियों के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी भाग में यानी बनारस और आसपास के क्षेत्रों में औसत मासिक वर्षा सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

  • 615.1 मिमी हाेती है सामान्यतया 01 जून से 31 अगस्त तक वर्षा
  • 633.3 मिमी वर्षा हुई इस बार 01 जून से 31 अगस्त के बीच
  • 18.2 मिमी सामान्य से अधिक वर्षा हुई बीते तीन माह में
  • 3 प्रतिशत अधिक रही अगस्त तक की वर्षा


तीन माह में हुई वर्षा

  • 448 मिमी - अगस्त ( 83%)
  • 178.5 मिमी - जुलाई
  • 6.8 मिमी - जून

पिछले 10 वर्ष में हुई अगस्त माह में वर्षा

2026 - 448 मिमी

2025 - 412.1 मिमी
2024 - 253.7 मिमी

2023 - 179.1 मिमी
2022 - 329.4 मिमी

2021 - 237.2 मिमी
2020 - 206.6 मिमी

2019 - 215.8 मिमी
2018 - 159 मिमी

2017 - 145.6 मिमी
2016 - 330.1 मिमी

-------------

  • 127 वर्षों में यानी 1901 के बाद इस बार के अगस्त की वर्षा - 12वें स्थान पर
  • 1948 में हुई थी अब तक की अगस्त माह की सर्वाधिक वर्षा - 705.8 मिमी
  • 1991 में 35 वर्ष पूर्व हुई थी अब से अधिक 532.6 मिमी वर्षा