वाराणसी : पं. गणेश्वर शास्त्री ने निकाला सिंहस्थ कुंभ के ध्वजारोहण का मूहूर्त, 29 नवंबर को होगा भव्य आगाज
नासिक में गोदावरी-कपिला संगम पर सिंहस्थ कुंभ महापर्व का भव्य शुभारंभ 29 नवंबर 2026 को होगा, जिसका मुहूर्त काशी के पं. गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ ने निक ...और पढ़ें

HighLights
नासिक में 29 नवंबर 2026 को सिंहस्थ कुंभ का शुभारंभ।
काशी के पं. गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ ने निकाला शुभ मुहूर्त।
मोहन भागवत, योगी आदित्यनाथ सहित कई दिग्गज होंगे शामिल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। नासिक में गोदावरी और कपिला नदी (गुप्त गोदावरी) के पुण्य संगम पर सिंहस्थ कुंभ महापर्व का भव्य शुभारंभ 29 नवंबर 2026 को वैदिक विधि-विधान व ध्वजारोहण से होगा। कार्तिक की पंचमी को पुष्य नक्षत्र व अमृत योग के महासंयोग में सुबह 8.45 से नौ बजे के बीच संत-महात्माओं और विशिष्ट विभूतियों के सानिध्य में ध्वजारोहण संपन्न होगा। यह शुभ मुहूर्त काशी के वैदिक विद्वान, वेदमूर्ति पद्मश्री पं. गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ ने निकाला है।
ध्वजारोहण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री व शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे भी शामिल हो सकते है।
मुख्य संयोजक व आदिनाथ संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगद्गुरु कल्किराम महाराज व श्रीकपिल महामुनि आश्रम के अध्यक्ष श्रीमहंत रामनारायणदास ने बताया कि लगभग 11,32,000 वर्ष प्राचीन यह सिंहस्थ मूल स्थान संत ज्ञानेश्वर, श्री समर्थ रामदास स्वामी और श्री गजानन महाराज सहित अनेक महान ऋषि-मुनियों की पवित्र तपस्थली रहा है। इस विशाल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु, संत, अखाड़े, धर्माचार्य और श्रद्धालु हिस्सा लेंगे।