काशी में लगी हुई है भादों में सावन की झड़ी, वर्षों बाद कई दिनों से लगातार वर्षा का क्रम जारी
वाराणसी में भादों मास की शुरुआत से लगातार छह दिनों से वर्षा हो रही है, जिससे मौसम शीतल और सुहाना ...और पढ़ें

वाराणसी में भादों में सावन जैसी झड़ी, लगातार छह दिनों से वर्षा जारी।
HighLights
वाराणसी में भादों मास में छह दिन से लगातार वर्षा।
मौसम शीतल और सुहाना बना हुआ, सूर्यदेव के दर्शन नहीं।
अगले छह दिनों तक प्रदेश में भारी वर्षा का अनुमान।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भादों मास की शुरुआत से मंगलवार को छठें दिन वर्षा की झड़ी कायम है। बादलों का घेरा आसमान में बना हुआ है, इससे सूर्यदेव के दर्शन भी नहीं हुए। मेहरबान मानसून ने वर्षों बाद रुक-रुक कर ही सही लगातार छह दिनों तक वर्षा का यह रूप दिखाया है। इससे पूरा वातावरण शीतल सुहाना बना हुआ है।
मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अब गुरुवार से बादल कुछ हल्के हो सकते हैं लेकिन छिटपुट रिमझिम वर्षा का यह दौर जारी रहेगा। जबकि गुरुवार की सुबह भी बादलों की आवाजाही का क्रम बना रहा औ कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। दोपहर तक बादलों की आवाजाही का दौर बना रहा और पुरवा हवाओं के जोर ने उमस को थामे रखा। हालांकि माना जा रहा है कि लोकल हीटिंंग होने पर बारिश और हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सुदृढ़ मानसूनी प्रवाह के कारण पूरे प्रदेश में आगामी छह दिनों तक भारी वर्षा का क्रम बना रहेगा। लगातार छठें दिन वर्षा के चलते बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे से सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे 29.2 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना हुआ है। बादलों के चलते न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की हल्की सी वृद्धि दर्ज की गई।
मंगलवार को विविध क्षेत्रों में हुई वर्षा
45.5 मिमी - बड़ागांव
34 मिमी - सेवापुरी
27 मिमी - काशी विद्यापीठ
19 मिमी - पिंडरा
16.2 मिमी - बाबतपुर
13.5 मिमी - आराजीलाइन
7.5 मिमी - चोलापुर
2.5 मिमी - हरहुआ।
