वाराणसी में 25 अक्टूबर को पीएम मोदी की मौजूदगी में होगा भव्य एयर शो, 25 लाख लोग देखेंगे भारतीय वायुसेना का शौर्य
काशी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को भव्य एयर शो का आयोजन होगा, जिसमें अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो घाट पर मौजूद रहेंगे। इस आयोजन में राफेल, ते ...और पढ़ें

वाराणसी में 25 अक्टूबर को नमो घाट पर एयर शो में मौजूद रहेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, 25 लाख लोग देखेंगे शो।
HighLights
25 अक्टूबर को पीएम मोदी नमो घाट पर रहेंगे मौजूद।
राफेल, तेजस जैसे लड़ाकू विमान दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब।
25 लाख लोग देखेंगे भारतीय वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की साक्षी बनी काशी अब एयर शो का आयोजन करने जा रही है। आगामी 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन के अंतिम दिन के साक्षी होंगे स्वयं वाराणसी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत 5000 से अधिक वीवीआइपी इस आयोजन के दौरान उपस्थित रहेंगे। इस एयर शो को देखने के लिए पूरे पूर्वांचल व आसपास से 25 लाख लोगों के आने की संभावना है।
एयरफोर्स की प्रयागराज के अधिकारी और जिला प्रशासन वाराणसी ने इसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। इसे लेकर गुरुवार को तीसरी बैठक सर्किट हाउस सभागार में आयोजित हुई। इसमें सेना के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एयर शो काशी में करने के पीछे एक उद्देश्य यह भी है कि काशी, पूर्वांचल, बिहार तक के युवाओं को सेना के जवानों के हैरतअंगेज करतब के माध्यम से सेना और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना। भारतीय वायुसेना के साहस, शौर्य और पराक्रम देखने को मिलेगा।
यह शो दोपहर 12 बजे से ढाई बजे के करीब होगा। इसे 84 घाटों की सीढ़ियों और गंगा पार रेती में बैठकर देख सकेंगे। इतनी बड़ी संख्या में लोग एयर शो देखने आएंगे इसलिए पार्किंग, आवागमन, आपात स्थिति आदि की व्यवस्था करनी होगी। इसमें एयर फोर्स समेत पुलिस, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने नमो घाट का निरीक्षण कर शो के आयोजन के लिए जरूरतों का जायजा लिया। चर्चा है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी अपने संसदीय क्षेत्र में होने वाले एयर शो में शामिल हो सकते हैं।
अस्सीघाट से नमो घाट के बीच दिखाएंगे करतब
भारतीय वायु सेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भव्य एयर शो के आयोजन हो रहा है। लड़ाकू विमान और एरोबेटिक टीमें आसमान में करतब दिखाएंगी। काशी का आसमान लड़ाकू विमान की गर्जना को महसूस करेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि एयर शो में शामिल राफेल, सूर्य किरण, तेजस, सी-295 आदि लड़ाकू विमान अस्सी घाट से नमो घाट के बीच करतब दिखाएंगे।
कई एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे विमान
एयर शो में सौ से अधिक विमान और हेलीकाप्टर भाग लेंगे इस कारण वह एक स्थान से उड़ान नहीं भर सकते हैं। इस कारण भाग लेने वाले विमान लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट बाबतपुर के साथ ही प्रयागराज, लखनऊ, गाेरखपुर, गाजीपुर से उड़ान भरेंगे। वे निर्धारित समय पर सही तालमेल के साथ बारी-बारी से आएंगे। वे विशेष फार्मेशन करेंगे। एक बार में तीन और अधिकतम सात विमान आएंगे। अलग-अलग स्थानों से उड़ान भरने के बावजूद विमानों की टाइमिंग और एक साथ करतब में एकरूपता होगी। शो के एक सप्ताह पूर्व से विमानों का आगमन शुरू हो जाएगा। दो-तीन दिनों अभ्यास भी चलेगा।