वाराणसी में बीमारियों के मौसम में सीएचसी शिवपुर की पैथोलॉजी लैब में लगा ताला, मरीजों की नहीं हो सकी जांच
वाराणसी के शिवपुर सीएचसी में पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे रूम बंद होने से मरीजों को जांच कराने में परेशानी हो ...और पढ़ें

वाराणसी के शिवपुर सीएचसी में बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं, मरीज परेशान।
HighLights
शिवपुर सीएचसी में पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे रूम बंद मिले।
मरीजों को जांच के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर किया।
अस्पताल में बिजली कटौती और ऑक्सीजन प्लांट का अभाव दिखा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। चिकित्सा सुविधा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है आए दिन अधिकारियों द्वारा सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया जाता है। लेकिन इन दोनों 30 बेड के सीएचसी शिवपुर में चिकित्सा सुविधा पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
मंगलवार को अस्पताल पहुंचे मरीज को जब जांच करवाने मरीज पैथोलॉजी लैब पहुंचे तो वहां ताले लटकते हुए मिले जिस कारण कई मरीजों की जांच नहीं हो पाई। मीरा देवी नामक मरीज ने बताया कि 10 दिन पूर्व भी डॉक्टर ने लिवर और किडनी की जांच लिखी थी लेकिन नहीं हो पाई। वही अस्पताल परिसर स्थित एक्स-रे रूम में मंगलवार को भी ताला लटका रहा।
पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि कोई नई तैनाती न होने के कारण एक्स-रे मशीन नहीं चल रही है। वहीं मंगलवार की सुबह 8:00 बजे से लेकर 10:00 बजे तक अस्पताल की विद्युत आपूर्ति करीब 2 घंटे बाधित रही जिस कारण ओपीडी तथा वार्ड में भर्ती मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसकी वजह से तमाम मरीज भी निराश होकर लौट गए।
ऑक्सीजन प्लांट
अस्पताल परिसर में ही कोरोना काल से ऑक्सीजन प्लांट बनाने के लिए स्ट्रक्चर तो तैयार कर दिया गया परंतु अभी तक ऑक्सीजन प्लांट नहीं लगाया गया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर के माध्यम से ऑक्सीजन की उपलब्धता की जाती है। उपरोक्त बारे में जब अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ संतोष कुमार यादव से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि सीएचसी शिवपुर पैथोलॉजी लैब में दो टेक्नीशियन की तैनाती है। अचानक दोनों टेक्नीशियन की तबीयत खराब हो जाने के कारण लैब बंद रहा।
यहां आने वाले मरीजों को जांच के लिए दीनदयाल उपाध्याय रेफर किया गया। यहां सवाल उठता है कि बीते शनिवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अपर सचिव आराधना पटनायक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में निरीक्षण के दौरान टेक्नीशियन की कमी होने के चलते सीएचसी सारनाथ से एक्स-रे टेक्नीशियन एक दिन के लिए बुलाया गया।
बीमारी की स्थिति में पैथोलॉजी लैब के दोनों टेक्नीशियन की तबीयत खराब होने के चलते दूसरे अस्पताल से लैब टेक्नीशियन नहीं बुलाया जा सकता था? एक्स-रे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जल्द ही नए टेक्नीशियन की तैनाती हो जाएगी] जिससे समस्याएं भी दूर हो जाएगी। जल्द ही मुख्यालय के संज्ञान ऑक्सीजन प्लांट लाया जाएगा, वर्तमान में ऑक्सीजन सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में है अस्पताल में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है।
