वाराणसी में कांग्रेस ने मतदान केन्द्रों के स्थानांतरण पर जताई कड़ी आपत्ति, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी में महानगर कांग्रेस कमेटी ने मतदान केंद्रों को स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कहा क ...और पढ़ें

वाराणसी में मतदान केंद्र बदलने पर कांग्रेस का विरोध, डीएम को सौंपा ज्ञापन।
HighLights
कांग्रेस ने मतदान केंद्रों के स्थानांतरण पर गंभीर आपत्ति जताई।
कहा, इससे मतदाताओं को असुविधा होगी, मतदान प्रभावित होगा।
मांग की, पूर्व निर्धारित केंद्र यथावत रहें या कारण बताएं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी का एक प्रतिनिधिमंडल महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुपस्थिति में उप जिलानिर्वाचन एडीएम प्रशासन पंकज कुमार से मिला।
इस दौरान उन्होंने वाराणसी जनपद के विभिन्न मतदान केन्द्रों को उनके पूर्व निर्धारित स्थानों से हटाकर अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मतदान केन्द्रों का निर्धारण केवल प्रशासनिक विषय नहीं है, बल्कि यह करोड़ों मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़ा एक अत्यंत संवेदनशील मुद्दा है।
वर्षों से संचालित मतदान केन्द्रों को बिना किसी ठोस, न्यायसंगत एवं सार्वजनिक कारण के स्थानांतरित करने से आम मतदाताओं को भारी असुविधा होगी और इससे मतदान प्रतिशत भी प्रभावित हो सकता है। ज्ञापन में यह मांग की गई कि सभी पूर्व निर्धारित मतदान केन्द्रों को यथावत बनाए रखा जाए। यदि किसी मतदान केन्द्र का स्थानांतरण अपरिहार्य हो, तो उसका स्पष्ट एवं लिखित कारण सार्वजनिक किया जाए।
इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र के नागरिकों एवं सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त करने के उपरांत ही अंतिम निर्णय लिया जाए। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि “मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है। निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिले।
कहा कि यदि लंबे समय से संचालित मतदान केन्द्रों को अचानक बदला जाता है, तो सबसे अधिक परेशानी वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा गरीब एवं कमजोर वर्ग के मतदाताओं को होगी। इससे मतदान की निष्पक्षता और सुगमता दोनों प्रभावित होंगी। लोकतंत्र की मजबूती अधिक से अधिक मतदान में निहित है। इसलिए कोई भी ऐसा निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए जिससे मतदाताओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो या उन्हें अनावश्यक दूरी तय करनी पड़े।
खबरें और भी
बताया कि मतदान केन्द्रों का स्थानांतरण केवल वास्तविक आवश्यकता होने पर ही किया जाना चाहिए और उसका पूरा आधार सार्वजनिक होना चाहिए। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की प्रबल समर्थक है। हम जिला निर्वाचन प्रशासन से अपेक्षा करते हैं कि वह निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं संविधान की भावना के अनुरूप निर्णय लेते हुए किसी भी प्रकार के राजनीतिक या बाहरी दबाव से मुक्त होकर केवल जनहित और मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।
लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है और इस विश्वास को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जा सकता। यदि प्रशासन मतदाताओं की सुविधा की अनदेखी करते हुए मतदान केन्द्रों के स्थानांतरण का निर्णय लेता है, तो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर जनहित की इस लड़ाई को मजबूती से उठाएगी। हमारा उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना है।”
महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिला निर्वाचन प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना सभी संवैधानिक संस्थाओं की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और मतदाताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, अशोक सिंह, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, अफसर खान, हिमांशु सिंह, विजय देवल, विनीत चौबे, दीप विश्वकर्मा, इकराम, रोहित मौर्य, चंद्रिका मौर्य, आनंद चौबे, अरविंद सेठ, रामजी गुप्ता, आजम अंसारी, घनश्याम यादव, राम लखन सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।