विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी घूमने आए सेना के अधिकारी के परिवार से पुलिसकर्मियों की कथित अभद्रता, सड़क पर बैठकर किया विरोध

By Rakesh SrivastavaEdited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 02 Sep 2026 11:03 AM (IST)

काशी दर्शन पर आए एक सेना अधिकारी के परिवार के साथ वाराणसी में पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर अभद्रता की ...और पढ़ें

HighLights

  1. सेना अधिकारी के परिवार से पुलिसकर्मियों ने की अभद्रता।

  2. बुजुर्ग महिला को चोट लगने पर परिवार ने किया विरोध।

  3. दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग, सड़क पर प्रदर्शन।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी दर्शन के लिए आए भारतीय सेना के एक अधिकारी के परिवार के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित अभद्रता और धक्का देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद नाराज परिवार ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सेना के अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह अपने परिवार के करीब 10 सदस्यों के साथ नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' देखने जा रहे थे। उनके अनुसार, फिल्म का शो शाम 6:30 बजे का था और उनके पास टिकट भी मौजूद थे। जिस स्थान पर घटना हुई, वहां से सिनेमाघर करीब 500 मीटर की दूरी पर था और परिवार रिक्शे से जा रहा था।

अधिकारी का आरोप है कि इसी दौरान सफेद कपड़ों में आए दो पुलिसकर्मियों ने उनके रिक्शे को जोर से धक्का दिया। रिक्शे में करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी बैठी थीं, जिन्हें कथित तौर पर चोट आई। जब परिवार ने पुलिसकर्मियों से धक्का देने का कारण पूछा तो आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के लोगों के साथ अभद्रता करते हुए कॉलर पकड़ लिया।

अधिकारी के अनुसार, जब परिवार ने इसका विरोध किया तो मौके पर एक और व्यक्ति पहुंचा। घटना के बाद परिवार ने प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत की। उनका कहना है कि प्रशासन के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और करीब 10 से 15 मिनट तक बातचीत हुई, लेकिन उन्हें तत्काल कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने सड़क पर बैठकर विरोध करने का फैसला किया।

सेना के अधिकारी ने कहा कि उनके पास घटना से संबंधित वीडियो समेत कई साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिन पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर अभद्रता और धक्का देने की कार्रवाई की है, वे अपनी गलती स्वीकार करें और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि उनकी मुख्य मांग दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रशासन द्वारा मामले को स्वीकार करते हुए उचित न्याय दिलाना है। परिवार का कहना है कि जब तक उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे।

यह घटना काशी में पर्यटन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है और यह दर्शाती है कि पुलिसकर्मियों को अपने व्यवहार में सुधार करने की आवश्यकता है। परिवार की मांग है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अजीत नेगी निवासी हवेलिया सारनाथ अपने परिवार के साथ देर शाम 6.10 बजे बेनिया क्रॉसिंग पर रिक्शा ले जाने का प्रयास कर रहे थे। जहां पर ट्रैफिक के हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह, देवेंद्र सिंह द्वारा रोका गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। अजीत नेगी द्वारा यातायात कर्मियों के विरुद्ध दुर्व्यवहार, गाली गलौज का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया गया है जिसे जांच हेतु उच्च अधिकारी गण को प्रेषित किया जा रहा है। आवेदक सपरिवार अपने घर जा चुके हैं।


-

विजय कुमार शुक्ला, इंस्पेक्टर चौक