Traffic Diversion: कांवड़ यात्रा के लिए लखनऊ-कानपुर हाईवे पर 2 दिन रूट डायवर्जन, रामादेवी से मोड़े जाएंगे भारी वाहन
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर उन्नाव में भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह डायवर्जन शनिवार शाम से सोमवार रात 8 बजे तक लखनऊ-कानपुर हाईवे ...और पढ़ें

HighLights
रामादेवी से मोड़े जाएंगे भारी वाहन, जिले में दही व गदनखेड़ा चौराहे पर पुलिस की गई तैनात
सीधे लखनऊ नहीं जा सकेंगे भारी वाहन, थानावार पुलिस की रूट व गंगाघाटों पर लगाई ड्यूटी
जागरण संवाददाता, उन्नाव। कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से शनिवार शाम से भारी वाहनों का रूट डायवर्जन शुरू किया गया है। सोमवार रात आठ बजे तक इन वाहनों को सीधे लखनऊ नहीं जाने दिया जाएगा। अधिकांश भारी वाहन कानपुर के रामादेवी से फतेहपुर की ओर मोड़े जाएंगे।
इसके बाद भी यदि कोई भारी वाहन अंदर घुसता है तो उसे गदनखेड़ा चौराहा से लालगंज की ओर व दही तिराहा से पुरवा-मोहनलालगंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से डीएम घनश्याम मीना व एसपी जयप्रकाश सिंह ने डायवर्जन प्वाइंट का निरीक्षण कर तैनात पुलिस बल को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि कानपुर-लखनऊ हाईवे से जाने वाले कांवड़ियों को किसी तरह की समस्या न हो, इसके लिए गंगाघाट, सदर कोतवाली, अचलगंज दही, अजगैन व सोहरामऊ थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया है। इसके अलावा सफीपुर के परियर घाट, बारासगवर के बक्सर गंगा घाट, बांगरमऊ के नानामऊ घाट व शुक्लागंज के गंगाघाट में पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
मार्गों पर जाम की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को भी लगाया गया है। वहीं सावन माह के दूसरे सोमवार को बांगरमऊ के बोधेश्वर और हरदोई जिले के सुनासीर नाथ मंदिर में भारी संख्या में श्रृद्धालुओं के पहुंचने की संभावना पर पुलिस ने डायवर्जन प्लान तैयार किया है।
खबरें और भी
आसीवन की ओर से आने वाले भारी वाहन मियागंज चौराहे से उन्नाव और संडीला की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। इसी क्रम में बिल्हौर की ओर से आने वाले वाहन नानामऊ गंगा पुल के पास रोक दिए जाएंगे।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से आने वाले बड़े वाहन एक्सप्रेसवे के पास से अंडरपास होते हुए संडीला की ओर से रवाना किए जाएंगे। कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि डायवर्जन शनिवार शाम छह बजे से सोमवार रात आठ बजे तक जारी रहेगा।