Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    CM Yogi in Unnao: उन्नाव से योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- 'सपा-कांग्रेस का माफियाराज रामायण के खर-दूषण जैसा था

    Updated: Thu, 18 Jun 2026 12:18 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव के भौनीखेड़ा डीह में 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 82 का शिलान्यास किया। इन 101 परियोजनाओं की कुल लागत 570.32 करोड ...और पढ़ें

    उन्नाव में सीएम योगी आदित्यनाथ। जागरण

    उन्नाव में सीएम योगी आदित्यनाथ। जागरण

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्नाव के भौनीखेड़ा डीह पहुंचे।

    2. 19 परियोजनाओं का लोकार्पण, 82 का शिलान्यास किया।

    3. कुल 570.32 करोड़ की 101 विकास परियोजनाएं।

    जागरण संवाददाता, उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह 10.30 बजे भौनीखेड़ा डीह में लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में पहुंचे। यहां उन्होंने जनपदवासियों को सड़क, शिक्षा, बिजली, पेयजल से जुड़ी 104 परियोजनाओं का तोहफा दिया। इन कामों में 19 परियोजनाओं का लाेकार्पण किया जबकि, 82 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सभी कामों की लागत 570.32 करोड़ है। इसमें लोकार्पण की परियोजनाओं की कुल लागत 378.40 करोड़ है, जबकि, शिलान्यास वाली परियोजनाओं की कुल लागत 191.92 करोड़ रुपये है।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरानी कहावत का जिक्र करते हुए गुरुवार को सपा पर निशाना साधा। कहा कि पहले नारा था देख सपाई बिटिया घबराई। वह यहीं नहीं रुके, विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि पिछली सरकारें सिर्फ परिवार तक सीमित थीं।

    उन्होंने कहा, कांग्रेस के लिए नेहरू व सपा के लिए सैफई परिवार ही सब कुछ था। आवाज उठाने वालों की आवाज बंद कर दी जाती थी। रामायण में खर व दूषण की तरह कांग्रेस व सपा में माफियाराज था। दोनों दल देश की दुर्गति के लिए जिम्मेदार हैं। दंगा-कर्फ्यू ग्रस्त प्रदेश बनाने वाले आज उपदेश दे रहे हैं, इनके दोहरे चरित्र पर हंसी आती है।

    उन्होंने दावा किया कि उप्र पर प्रभु श्रीराम, बाबा विश्वनाथ व मां गंगा का आशीर्वाद है और अब विकास का पहिया केवल लखनऊ या हजरतगंज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन्नाव से होकर कानपुर तक जाएगा। विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज शौचालय, आवास, पेंशन, गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ बिना किसी सिफारिश के सीधे गरीबों तक पहुंच रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार के 10-12 वर्षों के काम की तुलना सपा-कांग्रेस से करते हुए कहा कि जो काम भाजपा ने किया है, वह ये दल कभी नहीं कर पाएंगे।

    खबरें और भी

    मुख्यमंत्री ने लोगों को विकास परियोजनाओं की बधाई देते हुए कहा कि अब उन्नाव की कनेक्टिविटी फोरलेन की हो गई है। यहां से दिल्ली व प्रयागराज के लिए सबको बाईपास करके पहुंचा जा सकता है। यहां तेजी से औद्योगिक क्लस्टर विकसित होंगे, जिससे जिले के युवाओं को अब रोजगार के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा, उन्हें यहीं काम मिलेगा।

    पिछली बार वादा किया था कि विकास की हर योजना उन्नाव तक पहुंचेगी। आज उन्नाव का व्यक्ति लखनऊ को बाईपास कर सीधे दिल्ली जा सकता है। डिफेंस कारिडोर व एक्सप्रेसवे के पास उद्योग लगेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 700 एकड़ जमीन डिफेंस कारिडोर और इंडस्ट्रियल कारिडोर के लिए ली जा रही है। उन्नाव स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल किया जाएगा। अब जो विकास लखनऊ में होगा, वही उन्नाव में भी होगा।

    लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। विकास की योजना आज को नहीं, आगामी 100 वर्ष को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। मोदी के नेतृत्व में सभी संकट से निपटा गया है।

    संकट के लिए जिम्मेदार अमेरिका आज त्रस्त है, हमारा देश सुरक्षित है। आंतरिक सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जा रहा है। गरीब, महिला, किसान और नौजवानों के लिए युद्धस्तर पर योजनाएं चल रही हैं। पहले की सरकार में सैफई को ही प्रदेश मान लेते थे।