CBI की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार रुपये रिश्वत लेते बीघापुर डाकघर के कार्यालय सहायक को दबोचा
सीबीआई ने बीघापुर डाकघर के कार्यालय सहायक कमल जायसवाल को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ऋण सब्सिडी के सत्यापन के नाम पर 25 हजार रुपये की घू ...और पढ़ें

आरोपित कमल कुमार जायसवाल। पीड़ित
HighLights
सीबीआई ने बीघापुर डाकघर के सहायक को घूस लेते पकड़ा
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सब्सिडी सत्यापन में मांगी रिश्वत
लखनऊ में 25 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया
जागरण संवाददाता, उन्नाव। सीबीआई ने बीघापुर डाकघर के कार्यालय सहायक कमल जायसवाल को 25 हजार रुपये घूस लेते लखनऊ के पीजीआइ के पास से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत मिले ऋण की सब्सिडी के सत्यापन के नाम पर कार्यालय सहायक ने शिकायतकर्ता से 35 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर सीबीआई ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
बिहार थाना क्षेत्र के लालताप्रसाद खेड़ा निवासी अमरेंद्र कुमार पुत्र प्रेमशंकर ने ग्रामीण बैंक भगवंत नगर से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत वर्ष 2023 में 10 लाख रुपये का ऋण लेकर एक बेकरी शुरू की थी। इस ऋण पर मिलने वाली 3 लाख 49 हजार 500 रुपये की सब्सिडी उनके बैंक खाते में जमा हो चुकी थी।
35 हजार रुपये की घूस मांगी
पीड़ित के अनुसार सब्सिडी से संबंधित यूनिट के सत्यापन के लिए बीघापुर डाकघर में तैनात कार्यालय सहायक कमल जायसवाल के पास पहुंचे। उन्होंने सत्यापन के नाम पर उनसे 35 हजार रुपये की घूस मांगी। घूस की रकम न देने पर सत्यापन निरस्त करने की धमकी दी।
सात अगस्त को मिली थी शिकायत
इस पर पीड़ित ने सात अगस्त 2026 को सीबीआई की लखनऊ यूनिट में शिकायत की। शिकायत के आधार पर सीबीआई टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद डाकघर बीघापुर के कार्यालय सहायक को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई।
25 हजार घूस लेते पकड़ा
शनिवार को सीबीआई की टीम ने आरोपित कमल जायसवाल को 25 हजार की घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की ओर से इसकी जानकारी मीडिया को देकर बताया गया कि आरोपित के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्हें लखनऊ स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।