पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक में जा घुसी कार, चार क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत; लखनऊ से देवरिया जा रहे थे
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बल्दीराय के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में जा घुसी, जिससे देवरिया के चार क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत हो गई।
HighLights
तेज रफ्तार कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई।
देवरिया के चार खिलाड़ियों की दर्दनाक मौत, दो घायल।
हादसा सुलतानपुर के बल्दीराय में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सुखबड़ेरी गांव के पास बुधवार की सुबह अर्टिगा कार पीछे से तेज रफ्तार ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार चार क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत हो गई। दो अन्य घायल हुए हैं।
मौके पर पहुंची धनपतगंज पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को अयोध्या के दर्शन नगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रारंभिक जांच में कार चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका जताई गई है।
देवरिया जिले के मईल स्थित बगहा निवासी 22 वर्षीय नित्या प्रजापति, मईल इलाके के ही बलिया उत्तर निवासी 20 वर्षीय इरफान अंसारी, लार इलाके के चुरिया निवासी 24 वर्षीय अनिकेत सिंह, लार के लाल कुंवारा गांव निवासी 23 वर्षीय आनंद यादव, देवरिया के कामेंद्र इलाके के पीतल निवासी राजीव यादव और पश्चिम बंगाल के बीरभूम स्थित भोलपुर निवासी जयंतो शर्मा लखनऊ के बख्शी का तालाब में एक क्रिकेट प्रतियोगिता खेलने गए थे।

टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे सभी खिलाड़ी
सभी खिलाड़ी टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे। प्रतियोगिता में शामिल होकर वह लोग वापस देवरिया जा रहे थे। सुखबड़ेरी गांव के पास सुबह पांच बजे उनकी अर्टिगा कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में नित्या, इरफान अंसारी, अनिकेत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और यूपीडा की टीम ने किसी तरह कार का गेट तोड़कर उन्हें निकाला। हादसे में आनंद, राजीव और जयंतो को गंभीर चोटें आई थी। एम्बुलेंस से तत्काल उन्हें अयोध्या के दर्शन नगर स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां आनंद को मृत घोषित कर दिया गया।

इरफान अंसारी की थी कार
पुलिस के मुताबिक कार इरफान अंसारी की थी और वही चला रहे थे। बल्दीराय क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया है। पीड़ितों के परिवारजन को सूचना दी गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
