सोनभद्र में ब्रेक फेल होने से मारकुंडी घाटी में अनियंत्रित हुई बच्चों से भरी स्कूली बस, फिर जो हुआ वह चमत्कार ही कहा जाएगा
सोनभद्र की मारकुंडी घाटी में एक स्कूली बस का ब्रेक फेल हो गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे, जिससे अभ ...और पढ़ें

सोनभद्र में स्कूली बस का ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।
HighLights
मारकुंडी घाटी में स्कूली बस का ब्रेक फेल हुआ।
चालक की सूझबूझ से सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।
अभिभावकों ने पुरानी बसों की जांच की मांग उठाई।
जागरण संवाददाता, (गुरमा) सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूली बस का ब्रेक फेल हो गया। बस अनियंत्रित होकर घाटी से टकरा गई। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार हरि सेवानंद स्कूल की बस छुट्टी के बाद मारकुंडी, सलखन, पटवध, चोपन समेत अन्य क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। मारकुंडी पुरानी घाटी के दुर्गा मंदिर के पास दूसरे मोड़ पर उतरते समय अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को घाटी की ओर मोड़कर टकराते हुए रोक दिया।
घटना के बाद सभी बच्चों को दूसरी बस से सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया। बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी मिलते ही अभिभावकों ने राहत की सांस ली। हालांकि, अभिभावकों ने पुरानी स्कूली बसों के संचालन पर चिंता जताते हुए वाहनों की जांच कराने तथा पुरानी बसों की जगह नई बसों का संचालन कराने की मांग की है।
मारकुंडी घाटी को हादसों की घाटी कहा जाता है क्योंकि यहां पर तीखे मोड़ और अचानक ढलान वाहनों के ब्रेक फेल होने की परिस्थिति पैदा करती है। ऐसे में हर सप्ताह यहां हादसा होना आम है। ऐसे में बच्चों से भरी बस हादसे के बाद भी सुरक्षित बच जाना अभिभावकों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है।