सोनभद्र में 'दबा दो इनको' कहकर पुलिस कर्मियों पर कार चढ़ाने का प्रयास, एक गिरफ्तार
सोनभद्र के बढ़ौली चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों पर एक बिना नंबर की कार चढ़ाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को ...और पढ़ें

सोनभद्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर जानलेवा हमला, एक गिरफ्तार।
HighLights
पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने का जानलेवा प्रयास किया गया।
बिना नंबर की कार पकड़ी गई, एक आरोपी गिरफ्तार।
दूसरा आरोपी फरार, कार से दो नंबर प्लेट बरामद।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित बढ़ौली चौराहे पर शनिवार को वाहनों की जांच कर रहे पुलिस कर्मियों पर एक कार चढ़ाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बिना नंबर की कार को पकड़ लिया। कस्बा चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने एक आरोपित, विकास नगर निवासी अमन पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरा आरोपित करमा थाना क्षेत्र के ओइनी चौबे गांव निवासी अनमोल शुक्ला फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। कार से दो नंबर प्लेट बरामद की गई हैं।
चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि एसपी के निर्देश पर उनकी टीम बढ़ौली चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे। संयुक्त रूप से चेकिंग के दौरान उरमौरा की ओर से एक बिना नंबर प्लेट की सफेद सुजुकी कार तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने रुकने के बजाय 'दबा दो इनको' कहते हुए पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस कर्मियों ने किसी तरह किनारे हटकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद कार सवार भागने लगे, जिनका पुलिस ने पीछा किया और दलित बस्ती पूरब मोहल्ला में घेराबंदी कर अमन पाण्डेय को पकड़ लिया। अनमोल शुक्ला भागने में सफल रहा। पुलिस ने तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से एक ही नंबर का दो प्लेट बरामद किया, जबकि वाहन के कागजात नहीं मिले। चौकी प्रभारी अमित ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।
इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस प्रशासन ने इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि फरार आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इस प्रकार की घटनाएं समाज में कानून व्यवस्था को चुनौती देती हैं, और पुलिस को चाहिए कि वे ऐसे मामलों में और अधिक सतर्कता बरतें। पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि ऐसे अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सके।