विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में बैंक प्रबंधक पर कमीशन मांगने और ग्राहकों से दुर्व्यवहार के आरोप

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 04 Oct 2026 04:37 PM (GMT+05:30)

सोनभद्र में इंडियन बैंक की पुरना शाखा के प्रबंधक पर कृषि यंत्र ऋण में 20 प्रतिशत कमीशन मांगने, ग्राहकों से ...और पढ़ें

HighLights

  1. बैंक प्रबंधक पर कृषि यंत्र ऋण में कमीशन मांगने का आरोप।

  2. ग्राहकों से दुर्व्यवहार और सरकारी योजनाओं में बाधा डालने का आरोप।

  3. जिलाधिकारी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। घोरावल क्षेत्र स्थित इंडियन बैंक की पुरना शाखा के प्रबंधक पर कृषि यंत्र ऋण में 20 प्रतिशत कमीशन मांगने, ग्राहकों को परेशान करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि सरकारी योजनाओं में जानबूझकर अड़ंगा डाला जा रहा है। दो अलग-अलग शिकायतों में जिलाधिकारी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।

सेमरवार निवासी संदीप कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत 30 लाख रुपये की कस्टम हायरिंग सेंटर परियोजना के लिए उन्होंने पुरना शाखा में ऋण आवेदन किया था। आरोप है कि कागजात पूरे होने के बाद करीब 22 दिन तक इंतजार कराया गया और बाद में शाखा प्रबंधक ने कृषि यंत्र पर मिलने वाली छूट के आधार पर 20 प्रतिशत कमीशन की मांग की।

विरोध करने पर बैंक में मौजूद दो लोगों ने 10 प्रतिशत तत्काल और शेष बाद में देने की बात कही। शिकायतकर्ता ने शाखा प्रबंधक पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप लगाया। वहीं, फुलवारी निवासी फरजाना बेगम, सलमा बेगम समेत पांच महिलाओं ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।

उनका आरोप है कि बैंक संबंधी कार्यों के लिए उन्हें घंटों बैठाया जाता है और विरोध करने पर गाली-गलौज कर अपमानित किया जाता है। महिलाओं ने सरकारी योजनाओं का लाभ बिना कमीशन नहीं देने का भी आरोप लगाया है। दोनों शिकायतकर्ताओं ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में जब इंडियन बैंक की पुरना शाखा के प्रबंधक अलमान अहमद से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। 

इंडियन बैंक की पुरना शाखा के प्रबंधक की ओर से ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार व उन्हें परेशान किए जाने की कई शिकायत हमारे पास भी आई है। मामले की जांच कराई जाएगी और इन शिकायतों के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

-

सलेन बागे, एलडीएम, सोनभद्र।