विधायक ज्ञान तिवारी ने समधी पर दर्ज कराया धोखाधड़ी का मुकदमा, 25 शादियों के खुलासे के बाद तोड़ा था रिश्ता
सीतापुर के सेउता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, सीतापुर। सेउता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने समधी अनुज त्रिवेदी पर शनिवार को रेउसा थाना में धोखाधड़ी का मुकदमा लिखाया है। अब अनुज की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस उनकी अपराध से अर्जित संपत्ति को भी कुर्क कर सकती है।
अनुज पर झांसा देकर 25 शादियां करने का आरोप है। ठगी के आरोप में महाराष्ट्र पुलिस ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। विधायक ने दो वर्ष पहले बेटी की शादी अनुज के बेटे प्रखर के साथ की थी। आरोप है कि रिश्ता तय होने के समय अनुज ने झूठ बोला था और बताया था कि महाराष्ट्र में रियल एस्टेट का काम करता है।
दरअसल, विधान सभा चुनाव से ठीक पहले पैदा हुआ यह विवाद सेउता विधायक को बड़ी मुसीबत में डाल सकता है। विधायक ज्ञान तिवारी ने दो साल पहले मिश्रिख के चंद्रावल निवासी अनुज के बेटे प्रखर त्रिवेदी से बेटी की शादी की थी। मुंबई में दर्ज एक मुकदमे में करीब दो महीने पहले नोएडा से उसकी गिरफ्तारी हुई थी। तब से वह जेल में है।
आरोप है कि वर्ष 2016 से 2021 के मध्य अनुज ने अलग-अलग राज्यों में झांसा देकर 25 महिलाओं से शादी कर उन्हें ठगा। वह समाचार पत्रों में अजय सिंह, अजय अग्रवाल, अविरल सहित अलग-अलग नाम से समाचार पत्रों में वैवाहिक विज्ञापन निकलवाता था।
खबरें और भी
इसके बाद शादी करके फिर व्यक्तिगत समस्याएं बताकर नकदी और उपहार लेकर चंपत हो जाता। उसने गांव में स्कूल खोलने के साथ लखनऊ व अन्य स्थानों पर भी करोड़ों की संपत्ति बनाई है। बेटे प्रखर पर भी ऐसे ही आरोप हैं।
गिरफ्तारी के समय भी प्रकरण सुर्खियां बना था, तब विधायक ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। चार अगस्त को महाराष्ट्र की चार और प्रयागराज की एक महिला अनुज के गांव आई थीं। महिलाओं ने एडीएम से मिलकर अनुज की संपत्ति कुर्क करने की मांग की थी। प्रकरण के तूल पकड़ने के बाद छह अगस्त को विधायक अपनी बेटी डा. प्रज्ञा के साथ फेसबुक लाइव भी आए थे।
विधायक ज्ञान तिवारी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 14 फरवरी 2024 को अनुज के बेटे प्रखर के साथ की थी। विधायक ने तहरीर में कहा कि शादी में 15 हजार लोग शामिल हुए थे।
रिश्ता तय होने के समय अनुज ने बताया कि वह महाराष्ट्र में रियल एस्टेट का कारोबार करता है। उसका बेटा प्रखर गांव में खेती और बागवानी देखता है। इसके बारे में उन्होंने पूर्व सांसद जर्नादन मिश्र, एमडी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजकुमार शुक्ल और भाजपा मंडल अध्यक्ष विपिन मिश्र व आदित्य से जानकारी की थी।
इन लोगों ने बताया था कि अनुज सम्मानित व्यक्ति है। उनका छोटा परिवार है। उन्होंने प्रखर के साथ बेटी की शादी कर दी थी। शादी के करीब ढाई वर्ष बाद उन्हें पता चला अनुज पर महाराष्ट्र में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनका परिवार मानसिक तनाव में है, उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
मांगलिक लड़के की थी तलाश
ज्ञान तिवारी ने बताया उनकी बेटी प्रज्ञा तिवारी मांगलिक है। इसके लिए वह मांगलिक वर की तलाश कर रहे थे। प्रखर की कुंडली मिलने पर उन्होंने शादी की थी।
विधायक ज्ञान तिवारी की तहरीर पर मिश्रिख के चंद्रावल के अनुज पर मुकदमा लिखा गया है। साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
-हनुमंत लाल तिवारी, थानाध्यक्ष रेउसा
यह भी पढ़ें- 25 शादियां, 25 शिकार: महाराष्ट्र में पकड़ा गया महाठग दूल्हा, मेट्रोमोनियल साइट्स पर बिछाता था जाल