सिद्धार्थनगर पुलिस ने नेपाल ले जाई जा रही 60 लाख की स्मैक पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर पुलिस ने 60 लाख रुपये की 308 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह खेप नेपाल ले जाने की तैयारी थी। ...और पढ़ें
HighLights
सिद्धार्थनगर पुलिस ने 308 ग्राम स्मैक बरामद की।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्मैक की कीमत 60 लाख रुपये।
दो तस्कर नेपाल ले जाने की फिराक में थे।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी, सर्विलांस सेल और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जमुआर पुल के पास कार्रवाई करते हुए 308 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस इसे अंतरराज्यीय और सीमापार तस्करी से जुड़े नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी मान रही है।
बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान ने संयुक्त रूप से मामले का खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि मंगलवार देर रात संयुक्त टीम जमुआर पुल के पास नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बस्ती की ओर से आ रही एक कार को रोककर तलाशी ली गई।
पैकेट में छिपाकर रखी गई थी 308 ग्राम स्मैक
वाहन में सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए, जिससे संदेह होने पर उनकी गहन जांच की गई। तलाशी के दौरान कार से एक पैकेट में छिपाकर रखी गई 308 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कपिलवस्तु थाना क्षेत्र के मदरहना उर्फ रामनगर निवासी अनिल निषाद तथा उस्का बाजार थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-पांच आंबेडकरनगर निवासी कोमल निषाद के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं तथा बरामद स्मैक को नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी में थे।
खबरें और भी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप उन्हें कहां से मिली और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपितों ने अभी आपूर्ति के स्रोत के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पहचान कर जल्द ही अन्य आरोपितों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।