विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल बाढ़ का असर, सिद्धार्थनगर के 2262 विद्यालयों में बढ़ी सतर्कता; जलस्रोतों के पास स्थित स्कूलों पर रहेगी खास नजर

Published: Sun, 30 Aug 2026 02:10 AM (IST)

नेपाल में लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सिद्धार्थनगर के सीमावर्ती विद्यालयों में सतर्कता बढ़ा दी गई ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. नेपाल बाढ़ के कारण सिद्धार्थनगर के स्कूलों में सतर्कता बढ़ाई गई।

  2. नदी-तालाब किनारे के विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

  3. शिक्षक स्थानीय जलस्तर की निगरानी कर उच्चाधिकारियों को सूचित करेंगे।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। नेपाल में लगातार वर्षा और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती सिद्धार्थनगर में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित जलस्तर वृद्धि के मद्देनजर शिक्षा विभाग ने नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे स्थित परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों को जिम्मेदारी दी जाएगी कि विद्यालय अवधि में कोई छात्र जलस्रोतों के आसपास न जाने पाए। साथ ही नेपाल में वर्षा और वहां से आने वाले पानी के प्रभाव पर नजर रखते हुए स्थानीय जलस्तर की भी निगरानी की जाएगी।

बेसिक शिक्षा विभाग ने शनिवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए। विभाग विद्यालयों की सूची तैयार कराएगा, जो नदी, तालाब अथवा जलाशयों के निकट स्थित हैं। इन विद्यालयों के शिक्षकों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है। यदि बारिश के बाद जलस्तर तेजी से बढ़ता है या विद्यालय के आसपास जलभराव की स्थिति बनती है तो इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देनी होगी।

नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली वर्षा का असर सीमावर्ती जिलों की नदियों पर पड़ता है। ऐसे में राप्ती, बूढ़ी राप्ती, बानगंगा समेत अन्य जलधाराओं में अचानक पानी बढ़ने की आशंका बनी रहती है। विभाग का मानना है कि विद्यालयों के स्तर पर समय रहते निगरानी और जागरूकता से किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है। जनपद में कुल 2262 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब 30 प्रतिशत विद्यालय नदी, तालाब या अन्य जलस्रोतों के आसपास स्थित बताए जा रहे हैं। ऐसे विद्यालयों में शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पठन-पाठन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क रहेंगे।

जनपद में परिषदीय विद्यालयों की संख्या

  • कुल विद्यालय-2262
  • प्राथमिक विद्यालय-1521
  • कंपोजिट विद्यालय-404
  • उच्च प्राथमिक विद्यालय-337


नदी और तालाबों के किनारे स्थित विद्यालयों के छात्रों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। संबंधित विद्यालयों की सूची तैयार कराई जाएगी। छात्रों को जलस्रोतों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाएगा। नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शिक्षक स्थानीय जलस्तर पर भी नजर रखेंगे।- महेंद्र कुमार, प्रभारी बीएसए

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में वीडियो कॉल पर अश्लीलता और दुष्कर्म का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कई दिनों से चल रही थी तलाश