Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिद्धार्थनगर में कंटेनर की टक्कर से टेंपो क्षतिग्रस्त, चालक समेत तीन गंभीर

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 10:25 AM (IST)

    सिद्धार्थनगर के बांसी-नौगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टेंपो को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप ...और पढ़ें

    हादसे में तीन घायल। जागरण

    हादसे में तीन घायल। जागरण

    HighLights

    1. बांसी-नौगढ़ हाईवे पर कंटेनर-टेंपो की भीषण टक्कर।

    2. हादसे में चालक समेत तीन लोग गंभीर घायल।

    3. घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर, जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, बांसी, (सिद्धार्थनगर)। बांसी-नौगढ़ राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ने एक आटो रिक्शा (टेंपो) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय बांसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।

    घटना रात करीब साढ़े नौ बजे बांसी कोतवाली के मलंग बाबा स्थान के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नौगढ़ की ओर से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर बांसी की दिशा से जा रहे टेंपो से आमने-सामने टकरा गया। टक्कर का प्रभाव इतना जबरदस्त था कि टेंपो सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

    दुर्घटना में टेंपो चालक 22 वर्षीय कुर्बान अली पुत्र मशहूर आलम निवासी विशुनपुर, थाना जोगिया उदयपुर, यशवंत पुत्र अजय चौधरी निवासी नौशहरा, जनपद महराजगंज तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

    चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कालेज के अस्पताल रेफर कर दिया। अज्ञात घायल की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारण राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टैंपो को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल कराया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में भैंस को खेत से हांकना पड़ा भारी, पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला

    दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल मृत्युंजय पाठक ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घायलों का उपचार मेडिकल कालेज में जारी है।