सिद्धार्थनगर पुलिस ने पकड़ा 85 लाख रुपए का गांजा, एक तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने सिद्धार्थनगर में बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास 85 लाख रुपये का 162 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास 162 किलो गांजा बरामद।
बरामद गांजे की कीमत 85 लाख रुपये आंकी गई।
एक तस्कर गिरफ्तार, तीन साथी मौके से फरार।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शिवनगर डिड़ई पुलिस ने बड़ी खेप पकड़ी है। बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे रखे पांच बोरों से 162 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसके तीन साथी भाग निकलने में सफल रहे। बरामद गांजे की कीमत करीब 85 लाख रुपये आंकी गई है।
मंगलवार की रात को वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान पुलिस की नजर बेलगड़ी टोल प्लाजा से पहले राजमार्ग किनारे स्थित शौचालय के पास रखे पांच प्लास्टिक के बोरों पर पड़ी। बोरों के निकट चार व्यक्ति खड़े थे। पुलिस टीम को देखते ही तीन लोग भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
गांजे की खेप नोएडा ले जाने की तैयारी थी
पूछताछ में उसने अपना नाम श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित निवासी फर्रुखाबाद बताया। बोरों की तलाशी लेने पर उनमें रखे 28 बंडलों से कुल 162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि गांजे की खेप को नोएडा ले जाने की तैयारी थी।
जांच में पिंटू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया और अमन के नाम सामने आए हैं। इनमें पिंटू और सूर्य प्रकाश का संबंध शिवनगर डिड़ई क्षेत्र के अयार गांव से बताया गया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय भेज दिया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित और उसके साथियों के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
खबरें और भी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके तार किन-किन राज्यों तथा जिलों से जुड़े हैं। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।