Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ यात्रा की तैयारी में हुड़दंग पर भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडे चले, दो घायल, तीन गिरफ्तार

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 09:29 PM (IST)

    कैराना के सहपत गांव में डाक कांवड़ यात्रा की तैयारी के दौरान बाइक के साइलेंसर से पटाखे छुड़ाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। ...और पढ़ें

    कैराना सीएचसी में पहुंचा घायल सोनू। जागरण

    कैराना सीएचसी में पहुंचा घायल सोनू। जागरण

    HighLights

    1. कैराना में कांवड़ यात्रा की तैयारी के दौरान झड़प।

    2. बाइक के साइलेंसर से पटाखे छुड़ाने पर विवाद बढ़ा।

    3. दो घायल, तीन गिरफ्तार; पुलिस ने स्थिति संभाली।

    जागरण संवाददाता, शामली। कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव सहपत में शनिवार देर रात डाक कांवड़ यात्रा की तैयारी के दौरान बाइकों से पटाखे छुड़ाने और हुड़दंग करने का विरोध करने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से चले लाठी-डंडों में दो युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

    घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है। गांव सहपत निवासी हरपाल पक्ष से जुड़े कुछ श्रद्धालु डाक कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ उत्साही युवकों ने अपनी मोटरसाइकिलों के साइलेंसर से तेज आवाज में पटाखे छोड़ने शुरू कर दिए और जोर-जोर से शोर मचाते हुए हुड़दंग करने लगे।

    देर रात गांव में हो रहे इस अमर्यादित आचरण और शोर-शराबे पर पड़ोसी सेठपाल पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गई।

    विवाद गहराने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में एक पक्ष से हरपाल का पुत्र सोनू और दूसरे पक्ष से सेठपाल का पुत्र निखिल गंभीर रूप से घायल हो गए। झगड़े की सूचना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

    खबरें और भी

    गांव वालों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घायलों को चिकित्सीय उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भिजवाया।

    मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से एक पक्ष के हरपाल तथा दूसरे पक्ष के सेठपाल और उसके भाई राजू को हिरासत में ले लिया। घटना स्थल पर बाइकों से पटाखे छुड़ाने और मारपीट का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

    कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए तीनों आरोपितों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है। गांव में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।