Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शामली में UPSC परीक्षा उत्तीर्ण करनी वाली बेटियों के घर शुभकामनाएं देने वालों का तांता, पूर्व मंत्री और विधायक ने किया सम्मानित

    Updated: Sat, 07 Mar 2026 07:25 PM (IST)

    शामली की आस्था जैन (रैंक 9) और काजल चौहान (रैंक 403) ने यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    संवाद सूत्र, कांधला (शामली)।  कस्बे के व्यापारी अजय जैन की बेटी आस्था जैन व क्षेत्र के गांव चढ़ाव निवासी नफे सिंह की बेटी काजल चौहान ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में नौवी व 403वीं रैंक प्राप्त कर अपने जिले का नाम रोशन किया है। दोनों बेटियों की इस उपलब्धि से आसपास के क्षेत्रों में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों द्वारा उनके स्वजन को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

    शनिवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री एमएलसी विरेंद्र सिंह व सदर विधायक प्रसन्न चौधरी गांव चढ़ाव में काजल चौहान के आवास पर पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने काजल चौहान को यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    उन्होंने कहा कि काजल की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यदि छात्र-छात्राएं लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ पढ़ाई करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास और कठिन परिश्रम आवश्यक है।

    दोनों की सफलता यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी कड़ी मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

    इस अवसर पर काजल चौहान के पिता नफे सिंह व आस्था जैन के पिता अजय जैन को सभी ने बेटियों की इस सफलता के लिए शुभकामनाएं एवं बधाइयां दी इस दौरान पूर्व प्रधान संजीव चौधरी, राजपाल चौहान, दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधान चरण सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

    खबरें और भी