Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिपाही ने शादी छिपाकर की दूसरी सगाई, दहेज में मांगे 18 लाख; स्वजन के विरोध पर की अभद्रता

    By Rajesh Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sun, 22 Mar 2026 03:27 PM (IST)

    मुजफ्फरनगर के एक सिपाही ने अपनी पहली शादी छिपाकर शामली की युवती से सगाई की। बाद में उसने 18 लाख रुपये दहेज की मांग की। विरोध करने पर पीड़िता के पिता क ...और पढ़ें

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    (प्रतीकात्मक फोटो)  

    HighLights

    1. सिपाही ने पहली शादी छिपाकर दूसरी सगाई की।

    2. सगाई के बाद 18 लाख रुपये दहेज मांगे।

    3. दहेज विरोध पर पीड़िता के पिता से मारपीट।

    संवाद सूत्र, जागरण. कांधला (शामली)। जिला मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र निवासी एक सिपाही ने अपनी पहली शादी का तथ्य छिपाकर जनपद शामली के कांधला क्षेत्र की एक युवती से सगाई कर ली। आरोप है कि सगाई के बाद आरोपी सिपाही ने 18 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी और विरोध पर पीड़िता के पिता के साथ मारपीट की। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कांधला थाना पुलिस ने आरोपित सिपाही समेत सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    थाना क्षेत्र के ग्राम आल्दी निवासी बबलेश देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी पुत्री का रिश्ता मुजफ्फरनगर के ग्राम काकड़ा (थाना शाहपुर) निवासी अजय कुमार के साथ तय हुआ था। अजय कुमार वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर कानपुर देहात में डायल 112 पर तैनात है। स्वजन के अनुसार, तीन दिसंबर 2025 को अंगूठी और गोदभराई की रस्म संपन्न की गई थी।

    सगाई के बाद शादी की तिथि 19 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी। पीड़िता की मां का आरोप है कि सगाई के कुछ समय बाद ही आरोपित सिपाही की नीयत बदल गई। 25 मार्च को उसने फोन कर 18 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। जब पीड़ित परिवार ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपित और उसके स्वजन ने अभद्रता शुरू कर दी। 26 मार्च को जब पीड़िता के पिता मोहनलाल बातचीत करने और समझाने के लिए आरोपित के घर काकड़ा पहुंचे तो वहां सिपाही अजय, उसके पिता निरंजन और बिचौलिए धर्मेंद्र सिंह ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट।

    इसी दौरान पीड़ित परिवार के सामने सच आया कि अजय कुमार की शादी पूर्व में ही 16 फरवरी 2023 को सोनिया निर्वाल नाम की युवती से हो चुकी है, जिसे उसने दहेज विवाद के कारण छोड़ दिया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपित ने अपनी पहली शादी का तथ्य छिपाकर उनके साथ धोखाधड़ी की, वहीं सगाई के नाम पर उनके लाखों रुपये भी बर्बाद कराए। पुलिस ने इस मामले में सिपाही अजय कुमार, उसके पिता निरंजन, माता, बहन, बहनोई और बिचौलियों सहित कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    खबरें और भी