अंकित बालियान हत्याकांड: शामली में दो शूटर ढेर, कनाडा से दी गई थी धमकी
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में 50-50 हजार के इनामी दो शूटर शामली में मुठभेड़ में मारे गए। इस हत्या ...और पढ़ें

अंकित बालियान हत्याकांड।
जागरण संवाददाता, शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में 50-50 हजार रुपये के इनामी दो शूटर मुठभेड़ में मारे गए। बदमाशों की फायरिंग में सिपाही हरविंदर और प्रदीप गोली लगने से घायल हो गए। हत्याकांड में शामिल दो शूटर फरार हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण ने हत्याकांड का राजफाश करने वाली टीम को दो लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि हरियाणवी गायक की हत्या के पीछे गहरी साजिश है। दो शूटर फरार हैं। उन्होंने बताया कि हत्या की वजह ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गीत से उपजा विवाद सामने आया है। पुलिस की कार्रवाई शूटरों की पहचान और मुठभेड़ में उनकी मृत्यु तक सीमित नहीं रहेगी।
यह पता लगाया जा रहा है कि शूटरों को हथियार किसने उपलब्ध कराए? रेकी किसने की और मददगार कौन बना? उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से पुलिस अपराधियों तक पहुंच सकी।
पुलिस 26-27 अगस्त को इंस्टाग्राम पर सामने आई उस पोस्ट की भी जांच कर रही है, जिसमें राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया से जुड़े खाते से अंकित की हत्या की जिम्मेदारी का दावा किया गया था। 26 अगस्त की शाम जिम से बाहर निकलते समय अंकित की हत्या कर दी गई थी। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर के निर्देशन में चार आइपीएस अधिकारियों समेत 11 अफसरों की 15 टीमें जांच में जुटी थीं।
सोमवार सुबह 4:30 बजे झिंझाना पुलिस ने टपराना चौराहे पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका तो वे फायरिंग करते हुए मन्ना माजरा की ओर भागे। पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग करते हुए एक प्लाट में छिप गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हत्यारोपित मोहित और सुमित गंभीर रूप से घायल हुए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बदमाशों की बाइक मेरठ से चुराई गई थी, उस पर आल्टो कार का नंबर था। मौके पर पहुंचे एसपी एनपी सिंह ने बताया कि बदमाश हत्या वाले दिन अपना बैग और बाइक कांधला क्षेत्र में छोड़ गए थे। उसको लेने सोमवार रात शामली आए थे। मौके से 30 बोर की दो पिस्टल, एक अन्य पिस्टल, कारतूस, स्प्लेंडर बाइक, पांच हजार रुपये नकद, एक बैग व एक मोबाइल बरामद हुआ।
5.4 करोड़ व्यूज वाले गाने की रंजिश से हुई साजिश
एसपी ने बताया कि अंकित ने जनवरी 2023 में 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' गाना राहुल पुट्ठी से 55 हजार रुपये में खरीदकर वत्स कंपनी को 1.5 लाख रुपये में बेचा था, जिस पर यू-ट्यूब पर 5.4 करोड़ व्यूज थे। 24 सितंबर 2021 को रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र मान उर्फ गोगी की हत्या टिल्लू ताजपुरिया गैंग ने की थी।
इसका बदला लेने के लिए दो मई 2023 को तिहाड़ जेल में गोगी गैंग के योगेश उर्फ टुंडा ने टिल्लू की हत्या कर दी थी। टिल्लू का सरनेम बालियान था और अंकित भी बालियान था। गोगी गैंग को शक था कि अंकित ने टिल्लू से मिलकर उनका अपमान करने के लिए यह गाना बनाया था। 2022-23 में कनाडा से धमकी मिलने पर अंकित ने सफाई दी थी, लेकिन पुलिस या स्वजन को नहीं बताया।
हत्या की पटकथा तिहाड़ जेल में बंद गोगी गैंग के रोहित मुई, करनाल जेल में बंद पंपू गैंग के राकेश उर्फ पंपू और कनाडा में बैठे राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया ने मिलकर रची। हत्या के बाद भोलू ने इंस्टाग्राम पर जिम्मेदारी ली थी। जितेंद्र मान उर्फ गोगी के भतीजे मोंटी ने कनाडा से ही उस पोस्ट को प्रसारित कराया था।
शूटरों के बीच समन्वय का काम कनाडा में बैठकर चिराग कर रहा था। पंपू व गोगी गैंग लारेंस बिश्नोई नेटवर्क के लिए काम करते हैं। भोलू, मोंटी और चिराग कनाडा में हैं, जिन्हें लाने के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी है। फरार दो आरोपितों की तलाश में पांच टीमें लगी हैं। अंकित के पिता सत्यवीर ने कहा कि आधा इंसाफ हुआ है, आधा अभी बाकी है। वहीं, पत्नी सीमा ने कहा कि हत्या में शामिल बाकी का भी इसी तरह एनकाउंटर होना चाहिए।
