Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शामली में हर-हर महादेव के जयकारों संग निकली 111 फीट की तिरंगा कांवड़, पैदल यात्रा कर फैला रहे देशभक्ति का संदेश

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 11:19 PM (IST)

    करनाल के कमालपुर गांव से शिवभक्तों का एक दल 111 फीट लंबी तिरंगा कांवड़ लेकर यात्रा कर रहा है। यह यात्रा शिवभक्ति के साथ युवाओं में देशप्रेम की भावना ज ...और पढ़ें

    हर-हर महादेव के जयकारों संग 111 फीट की तिरंगा कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र।

    हर-हर महादेव के जयकारों संग 111 फीट की तिरंगा कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र।

    HighLights

    1. 111 फीट लंबी तिरंगा कांवड़ यात्रा निकली

    2. शिवभक्ति और देशभक्ति का अनूठा संगम

    3. युवाओं में देशप्रेम की भावना जगाना मुख्य उद्देश्य

    संवाद सूत्र, झिंझाना। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्ति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। करनाल के कमालपुर गांव से शिवभक्तों का एक दल 111 फीट लंबी भव्य तिरंगा कांवड़ लेकर पैदल गंतव्य की ओर बढ़ रहा है। यात्रा मार्ग में यह कांवड़ श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है।

    करनाल के गांव कमालपुर से शिवभक्तों का जत्था एक अगस्त को कांवड़ लाने के लिए रवाना हुआ था। दल के सदस्यों ने पांच अगस्त की मध्यरात्रि हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल उठाया और इसके बाद 111 फीट लंबे तिरंगे के साथ अपनी पैदल यात्रा आरंभ की।

    शिवभक्तों ने बताया कि वे लगातार दूसरे वर्ष यह अनूठी तिरंगा कांवड़ लेकर यात्रा कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान भोलेनाथ की भक्ति के साथ-साथ युवाओं में देशप्रेम की भावना को जागृत करना है।

    पांच अगस्त से निरंतर पैदल चल रहे शिवभक्तों का लक्ष्य 10 अगस्त की रात करीब 10 बजे तक अपने गांव पहुंचने का है। इसके उपरांत 11 अगस्त को शिवरात्रि के पावन अवसर पर विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।

    मार्ग में स्थान-स्थान पर श्रद्धालु रुककर इस विशाल तिरंगा कांवड़ का स्वागत कर रहे हैं। पूरे रास्ते में देशभक्तों का उत्साह बढ़ाने के लिए भारत माता की जय और हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं।

    इस यात्रा में मोहित, राहुल, सुमित, योगेश, धर्मेंद्र, राजपाल, देवेंद्र, रवि, संजू, बॉबी, रविकांत, भोपाल और पुष्पेंद्र सहित अनेक शिवभक्त पूर्ण समर्पण भाव से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- सहारनपुर में नोटों से सजी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र, शिव भक्त ने बताया कहां खर्च होगा इतना ढेर सारा पैसा

    खबरें और भी