Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    PCS Result 2024: कहीं किसान की बेटी तो कहीं शोध छात्र ने मारी बाजी, संभल में छाई कामयाबी की लहर

    Updated: Mon, 30 Mar 2026 08:01 PM (GMT+05:30)

    संभल जिले में यूपीपीएससी पीसीएस 2024 परीक्षा में कई उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। मोहम्मदपुर भंडा की दीपशिखा वर्क ऑफिसर बनीं, वहीं एमजीएम महाविद्य ...और पढ़ें

    स्वाति, नवनीत तिवारी और दीपशिखा

    स्वाति, नवनीत तिवारी और दीपशिखा

    HighLights

    1. गांव मोहम्मदपुर भंडा व एमजीएम महाविद्यालय के शोधछात्र हैं चयनित परीक्षार्थी

    संवाद सहयोगी, संभल। संभल तहसील क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर भंडा की बेटी दीपशिखा और एमजीएम महाविद्यालय के शोधछात्र नवनीत तिवारी ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल की है। गांव मोहम्मदपुर भंडा निवासी किसान साहब सिंह खारी की बेटी दीपशिखा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज की परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्क आफिसर पद पर चयन हासिल किया है।

    उनकी सफलता से पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीण एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी साझा कर रहे हैं। दीपशिखा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय से प्राप्त की और संसाधनों की कमी के बावजूद निरंतर मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार, चाचा और गुरुओं को दिया।

    वहीं, एमजीएम महाविद्यालय के भूगोल विभाग के शोधछात्र नवनीत तिवारी का चयन भी पीसीएस परीक्षा में खंड विकास अधिकारी पद पर हुआ है। मूल रूप से अयोध्या निवासी नवनीत ने डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से परास्नातक और यूजीसी नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण किया है।

    वर्तमान में वह अयोध्या जनपद में परिवर्तनीय कृषि भू-उपयोग प्रतिरूप विषय पर पीएचडी कर रहे हैं। चार बार मुख्य परीक्षा देने के बाद पहली बार साक्षात्कार में सफल होकर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता पर कालेज प्राचार्य प्रोफेसर डा. योगेंद्र सिंह सहित समस्त स्टाफ ने खुशी जताई।

    खबरें और भी

    डीडीओ की बेटी स्वाति बनी बीडीओ

    जनपद संभल के जिला विकास अधिकारी राम आशीष की बेटी स्वाति ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस 2024 परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए खंड विकास अधिकारी के पद पर चयनित होकर जनपद का गौरव बढ़ाया है। आयोग द्वारा 29 मार्च 2026 को घोषित अंतिम परिणाम में उनका चयन सुनिश्चित हुआ।

    खास बात यह रही कि जनपद के डीडीओ की बेटी के बीडीओ बनने पर पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई और अधिकारियों व लोगों ने जिला विकास अधिकारी को बधाई दी।

    डीडीओ ने बताया कि मूल रूप से जनपद मऊ के विकास खंड दोहरी घाट के ग्राम विशुनपुरा निवासी परिवार में भी उत्साह का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे गांव की बिटिया की बड़ी उपलब्धि बताया। स्वाति ने लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध नेशनल पीजी कालेज, लखनऊ से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है।

     

    यह भी पढ़ें- UP PCS 2024: बेटियों ने मान बढ़ाया, रामपुर की अंशिका बनीं तहसीलदार, स्वाति का बीडीओ पद पर चयन

     

    यह भी पढ़ें- UPPSC Success: 10 घंटे की पढ़ाई का मिथक तोड़ा, अंशिका ने सिर्फ 5 घंटे पढ़कर पाई तहसीलदार की 3rd रैंक