विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

70 करोड़ रुपये के नकली सिक्के बाजार में चला चुके गिरोह का भंडाफोड़, एक लाख के इनामी समेत पांच गिरफ्तार

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 14 Sep 2026 05:15 AM (IST)

Saharanpur News: नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी ने सहारनपुर में एक लाख के इनामी समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर नकली सिक्के बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस गिरफ्त में आरोपि‍त।

पुलिस गिरफ्त में आरोपि‍त।

HighLights

  1. नकली सिक्कों को शराब के ठेकों, टोल टैक्स आदि पर चलाते थे।

  2. नकली सिक्के बनाने की मशीनें और सामग्री बरामद।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। नगर कोतवाली पुलिस व एसओजी की टीम ने एक लाख 28 हजार रुपये के तैयार व साढ़े चार लाख रुपये के अधबने सिक्के बरामद करते हुए एक लाख के इनामी समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोपित 70 करोड़ रुपये के नकली सिक्के बनाकर बाजार में बेच चुके हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से सिक्के बनाने की डाई, मशीन, इलेक्ट्रानिक कांटा, मेटल शीट व दो कार बरामद की है। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भिजवा दिया गया।

पुलिस लाइन में एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम को सूचना मिल रही थी कि हरियाणा के सोनीपत से एक गिरोह तीतरो क्षेत्र में नकली सिक्के बनाने की फैक्ट्री लगाने की तैयारी कर रहा है।

इस पर पुलिस ने मुख्य आरोपित उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह पेंटाहोम सोयायटी जीरकपुर माेहाली पंजाब, हिमांशु उर्फ गुल्लू निवासी बरसी थाना तीतरो, कुलदीप निवासी मेघाखेड़ी थाना नईमंडी मुजफ्फरनगर हाल निवासी आवास विकास कालोनी सदर बाजार सहारनपुर, संतोष चौरसिया निवासी लड्डूगांव थाना राजनगर जनपद मधुबनी बिहार, अनुराग पाल उर्फ लंकेश निवसी पीपरीश रामेश्वर थाना भदोही संत रविदास नगर को गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें- 5 रुपये की लागत में ₹20 का नकली सिक्का, केमिकल की फिनिशिंग व असली जैसा वजन; छोटे में कम मार्जिन तो छापने लगे बड़ा सिक्का

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे नकली सिक्कों को शराब के ठेकों, टोल टैक्स आदि पर चलाते थे। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित उपकार लूथरा ने बताया कि वे अब तक 70 करोड़ रुपये के नकली सिक्के बनाकर अपने नेटवर्क के जरिये विभिन्न जिलों में चला चुके हैं। वह इसी मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रहा था।

उस पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। आरोपितों के पास से पुलिस को 20-20 रुपये के 6,400 सिक्के, 500 के 20 नोट, पांच लोहे की डाई सिक्के बनाने की, आठ मोबाइल फोन, स्विफ्ट व ईको कार, छह मशीनें सिक्के तैयार करने वाली, बिना मोहर की डाई 39, मोहर वाली डाई 20, एक डाई पोलिस मशीन, दो पत्थर घिसाई मशीन, चार ब्रुश, एक रेती, पांच हथौड़ी, एक लोहा काटने की आरी, एक ओवन, सात हिसाब के रजिस्टर बरामद हुए हैं।

एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि बरसी निवासी हिमांशु उर्फ गुल्लू आरोपित उपकार लूथरा से दिल्ली की तिहाड़ जेल से संपर्क में आया था। हिमांशु पर थाना नानौता में भी तीन मुकदमे दर्ज हैं।