अवैध तरीके से भुगतान व 68 लाख गबन मामले में गिरफ्तारी से मची खलबली... उठ रही कार्रवाई की मांग
नानौता की किसान सहकारी चीनी मिल में 68 लाख रुपये के गबन के आरोप में एक लेखाकार को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में लेजर में हेराफेरी कर ठेकेदारों को ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सहकारी चीनी मिल नानौता में 68 लाख का गबन।
लेखाकार चैतन्य राम को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
मिल में खलबली, कड़ी कार्रवाई की उठ रही मांग।
संवाद सूत्र, नानौता (सहारनपुर)। स्थानीय किसान सहकारी चीनी मिल में लेजर में हेराफेरी ओवरराइटिंग और गलत एंट्री कर ठेकेदारों से मिलीभगत कर कुछ कर्मचारियों द्वारा अवैध तरीके से डबल भुगतान किए जाने के मामले में 68 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस द्वारा एक आरोपित मिल लेखाकार को गिरफ्तार कर लिए जाने के बाद मिल में खलबली मची है। मिल संचालकों व किसान संगठनों ने भी आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि कि छह दिन पहले चार जुलाई को मिल के मुख्य लेखाकार सौरभ बंसल द्वारा नानौता में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें शनिवार को नानौता पुलिस द्वारा मिल के लेखाकार चैतन्य राम को गिरफ्तार किया गया। मुकदमा में आरोपित मिलकर्मी सचित पंवार व सौरभ को भी नामजद किया गया था। जो अभी फरार बताए जाते हैं। आरोपित लेखाकार की गिरफ्तारी की कार्रवाई के बाद मिल अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। अब उन कर्मचारियों की बेचैनी बढ़ गई है जिनका नाम इस प्रकरण में लिप्त होने की आशंका बनी हुई है।
वहीं कार्रवाई से बचने के लिए गुपचुप तरीके से ऐसे कुछ अन्य कर्मचारियों द्वारा जनपद से लेकर लखनऊ तक सत्ता पक्ष के अपने शुभचिंतक नेताओं की शरण में पहुंचकर उनकी जी हुजूरी की जा रही है।जिनको इस प्रकरण में नाम लिप्त होने की आशंका है। प्रधान प्रबंधक अंकित कुमार द्वारा आरोपितों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए जाने पर प्रकरण में लिप्त बताए जा रहे अन्य लोगों की भी बेचैनी बढ़ गई है और उन्हें पसीने भी आ रहे हैं। इस संबंध में प्रधान प्रबंधक अंकित कुमार द्वारा तीन सदस्य समिति का गठन किया गया है जिसमें चीफ इंजीनियर एसएस सिंह,मुख्य गन्ना अधिकारी श्रीवास और डिप्टी मैनेजर राजेश कुमार वार्ष्णेय शामिल हैं। प्रधान प्रबंधक का कहना है कि जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।
उधर, इस मामले में जहां मिल प्रबंधन समिति के संचालकों विनोद कुमार, अरुण कुमार, राजपाल, सुमन और नवाब सिंह आदि द्वारा भी मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष ठाकुर अजब सिंह के नेतृत्व में किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन मिल प्रधान प्रबंधक को सौंपा जा चुका है। ज्ञापन में प्रकरण की निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।